Friday, November 13, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
HomeUncategorizedCNG Price Hike: नोएडा-गाजियाबाद में CNG ₹95.59 किलो, गुरुग्राम में ₹92.01; ऑटो-टैक्सी...

CNG Price Hike: नोएडा-गाजियाबाद में CNG ₹95.59 किलो, गुरुग्राम में ₹92.01; ऑटो-टैक्सी और माल ढुलाई पर असर की आशंका

नोएडा/नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में CNG के दाम बढ़ने से वाहन चालकों और आम उपभोक्ताओं पर महंगाई का असर बढ़ सकता है। नई कीमतों के बाद नोएडा और गाजियाबाद में CNG की कीमत ₹95.59 प्रति किलो हो गई है। वहीं मेरठ में CNG 95.47रुपए प्रति किलो और गुरुग्राम में 92.01 रुपए प्रति किलो बिक रही है।

CNG की कीमतें पेट्रोल और डीजल की तरह पूरे देश में एक समान नहीं होतीं। अलग-अलग राज्यों में लागू वैट (VAT) दरों और अन्य स्थानीय करों के कारण इसकी कीमतों में अंतर रहता है।

दिल्ली में CNG के दाम बढ़ने के बावजूद इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) का कहना है कि यह उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल और डीजल जैसे दूसरे ईंधनों की तुलना में अब भी किफायती विकल्प है।

होर्मुज संकट से गैस सप्लाई और कीमतों पर दबाव

IGL के मुताबिक पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट का असर होर्मुज स्ट्रेट के जरिए होने वाली गैस सप्लाई और माल ढुलाई पर पड़ा है। संकट शुरू होने से पहले की तुलना में वैश्विक गैस कीमतें करीब दोगुनी हो गई हैं।

इसके अलावा यूरोप में सर्दियों से पहले गैस का भंडारण बढ़ाने की जरूरत ने भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों पर दबाव बढ़ाया है।

CNG की बढ़ती मांग से आयात पर निर्भरता बढ़ी

कंपनी के अनुसार भारत में CNG की मांग लगातार बढ़ रही है। इस मांग को पूरा करने के लिए इनपुट गैस का बड़ा हिस्सा आयातित स्पॉट गैस से पूरा किया जा रहा है।

महंगी आयातित गैस और घरेलू मांग में बढ़ोतरी के कारण IGL की इनपुट गैस लागत बढ़ गई है। लागत में इस वृद्धि के असर को कम करने के लिए कंपनी ने CNG की कीमत में 3.89 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी की है।

ऑटो-टैक्सी और माल ढुलाई महंगी होने की आशंका

दिल्ली-एनसीआर में बड़ी संख्या में ऑटो, टैक्सी, बस और माल ढोने वाले वाहन CNG से चलते हैं। ऐसे में CNG की कीमत बढ़ने से इन वाहनों का संचालन खर्च बढ़ सकता है।

आगे चलकर इसका असर यात्री किराए और माल ढुलाई की लागत पर भी पड़ने की संभावना है। खासकर रोजाना CNG वाहनों का इस्तेमाल करने वाले लोगों और कारोबारियों पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।

एशिया में गैस की बेंचमार्क कीमत दोगुने से ज्यादा

अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों में तेजी का अंदाजा एशिया के JKM (Japan-Korea Marker) बेंचमार्क से लगाया जा सकता है। इस साल फरवरी में इसकी कीमत करीब 11 डॉलर प्रति MMBtu थी, जो अगस्त में बढ़कर 23.4 डॉलर प्रति MMBtu हो गई।

यूरोप के TTF गैस बेंचमार्क में भी इस दौरान बड़ा उछाल आया। फरवरी में इसकी कीमत करीब 11.3 डॉलर प्रति MMBtu थी, जो अगस्त में बढ़कर 23.3 डॉलर प्रति MMBtu हो गई।

वैश्विक बाजार में गैस की कीमतों में इस तेज वृद्धि का असर भारत में आयातित गैस की लागत पर भी पड़ा है। यही बढ़ी हुई लागत घरेलू स्तर पर CNG की कीमतों में वृद्धि की एक प्रमुख वजह बनी है।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन