मुरैना: पहाड़गढ़ क्षेत्र में इश्वरा महादेव मंदिर के आसपास जंगल में दो वन्यजीव दिखाई देने के बाद इलाके में हलचल मच गई। मंदिर दर्शन के लिए जा रहे कुछ श्रद्धालुओं ने जंगल में दो जानवरों को देखा और उनका वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी।
दो चीते के दिखाई देने की सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हो गया। विभाग की टीमों ने पहाड़गढ़ क्षेत्र में पहुंचकर जंगल और आसपास के इलाकों में सर्चिंग शुरू कर दी है। साथ ही वन्यजीवों की लोकेशन का पता लगाने वाली टीम को भी मौके पर लगाया गया है। फिलहाल विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि वीडियो में नजर आ रहे जानवर वास्तव में चीते हैं या किसी अन्य प्रजाति के वन्यजीव हैं।
मंदिर जाते समय दिखे दो जानवर
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के मुताबिक, मंदिर की ओर जाते समय उनकी नजर जंगल की तरफ गई, जहां दो वन्यजीव दिखाई दिए। अचानक जंगल में जानवर नजर आने से लोग कुछ देर के लिए सहम गए। हालांकि श्रद्धालुओं ने दूर से ही मोबाइल से वीडियो बना लिया।
बाद में यह वीडियो स्थानीय स्तर पर सामने आया और इसकी जानकारी वन विभाग तक पहुंची। वीडियो में दिखाई दे रहे चीते को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने इन्हें चीता बताया, जिसके बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर टीम भेजी।
वीडियो की जांच के साथ जंगल में तलाशी
वन विभाग फिलहाल सामने आए वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी को आधार बनाकर जांच कर रहा है। टीम यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो किस स्थान पर बनाया गया था और उसमें दिखाई देने वाले वन्यजीव किस दिशा में गए।
जंगल के संभावित इलाकों में वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। वन्यजीवों की गतिविधियों के निशान, उनकी मौजूदगी और संभावित मूवमेंट एरिया की जांच की जा रही है। विभाग की ओर से वन्यजीवों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि सर्चिंग और जांच के बाद ही की जाएगी।
श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने की सलाह
घटना के बाद वन विभाग ने इश्वरा महादेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को जंगल के अंदर अकेले जाने से बचने और किसी भी वन्यजीव को देखकर उसके करीब नहीं जाने की सलाह दी गई है। कि अगर किसी को जंगल या आसपास के क्षेत्र में कोई वन्यजीव दिखाई देता है तो उसके पास जाने या उसका पीछा करने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें। इससे सुरक्षा के साथ वन्यजीवों की निगरानी भी आसानी से की जा सकेगी।
लोकेशन ट्रेस करने में जुटी टीमें
अधिकारियों का फोकस वीडियो में दिखाई दिए वन्यजीवों की वास्तविक लोकेशन पता लगाने और उनकी पहचान की पुष्टि करने पर है। डीएफओ हरीश चंद्र बघेल ने बताया कि पहाड़गढ़ क्षेत्र में दो चीते दिखाई देने की सूचना वन विभाग को मिली है। सूचना के बाद टीम को मौके पर भेजकर सर्चिंग कराई जा रही है।

