उज्जैन: सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। महाकालेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को हरिफाटक ब्रिज के जाम से राहत देने के लिए हरिफाटक पार्किंग से महाकाल लोक तक भूमिगत कॉरिडोर बनाया जा रहा है। करीब 650 मीटर लंबी इस टनल के निर्माण पर कुल 91.74 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य श्रद्धालुओं को पार्किंग से महाकाल क्षेत्र तक ऐसा वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराना है, जहां उन्हें सड़क पर लगने वाले ट्रैफिक और भीड़ का सामना न करना पड़े। योजना के अनुसार लोग हरिफाटक क्षेत्र में वाहन पार्क करने के बाद अंडरग्राउंड रास्ते से सीधे महाकाल लोक पहुंच सकेंगे। दर्शन के बाद वापसी के लिए भी इसी कॉरिडोर का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
15 महीने में पूरा करने का लक्ष्य
प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए 15 महीने की समयसीमा तय की गई है। अनुबंध के मुताबिक काम अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। हरिफाटक पार्किंग की ओर से निर्माण शुरू हो चुका है और शुरुआती हिस्से में जमीन से करीब 8 से 10 मीटर नीचे स्लोप तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार अब तक लगभग 15 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
टनल का बड़ा हिस्सा जमीन के नीचे बनाया जाएगा, इसलिए आगे निर्माण के दौरान तकनीकी और प्रशासनिक चुनौतियां बढ़ सकती हैं। प्रोजेक्ट के दायरे में आने वाले कुछ भवनों को हटाने, जमीन से जुड़े मामलों और बिजली-पानी जैसी यूटिलिटी को शिफ्ट करने का काम भी किया जाना है।
दो अलग बॉक्स में होगा श्रद्धालुओं का आवागमन
यह कॉरिडोर पारंपरिक छोटे अंडरपास की तरह नहीं होगा। करीब 650 मीटर लंबे भूमिगत मार्ग में लगभग 450 मीटर हिस्सा करीब 10 मीटर की गहराई में बनाया जाएगा। इसमें दो अलग-अलग बॉक्स होंगे और प्रत्येक की चौड़ाई करीब 9 मीटर रखी गई है।
एक बॉक्स से श्रद्धालु महाकाल लोक की ओर जाएंगे, जबकि दूसरे बॉक्स से वापसी होगी। दोनों दिशाओं का रास्ता अलग होने से भीड़ को नियंत्रित करना आसान होगा। जरूरत पड़ने पर इन रास्तों से बड़े वाहन भी निकाले जा सकेंगे, हालांकि प्राथमिकता श्रद्धालुओं की आवाजाही और ट्रैफिक दबाव कम करना होगी।
बारिश का पानी निकालने के लिए बनेगा संपवेल
भूमिगत निर्माण में बारिश के दौरान जलभराव बड़ी समस्या बन सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए टनल के दोनों हिस्सों में अलग ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जा रहा है। पानी को भूमिगत पाइपलाइन के जरिए संपवेल तक पहुंचाया जाएगा।
कॉरिडोर के कुछ हिस्सों को ऊपर से खुला रखने का भी प्रावधान है, जिससे प्राकृतिक रोशनी और हवा अंदर पहुंचती रहे। आपात स्थिति के लिए अलार्म और इमरजेंसी कम्युनिकेशन सिस्टम भी प्रस्तावित है। लगभग हर 100 मीटर पर ऐसी सुविधा रखने की योजना है, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस, एंबुलेंस या अन्य सेवाओं को तुरंत सूचना दी जा सके।
रेलवे लाइन के नीचे से गुजरेगी टनल
इस पूरे प्रोजेक्ट का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा रेलवे ट्रैक के नीचे बनने वाला अंडरपास होगा। रेलवे लाइन के नीचे का निर्माण रेलवे की निगरानी में किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से रेलवे को 31 करोड़ रुपए दिए गए हैं। सरकार ने 28 अक्टूबर 2025 को पूरे प्रोजेक्ट के लिए 91.74 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी थी। टनल निर्माण की अनुबंधित लागत 35.37 करोड़ रुपए है। बाकी राशि का इस्तेमाल रेलवे अंडरपास, भू-अर्जन, भवनों को हटाने और यूटिलिटी शिफ्टिंग जैसे कार्यों में किया जाएगा।
सिंहस्थ 2028 से पहले बड़ी तैयारी
उज्जैन में महाशिवरात्रि और अन्य पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ जाती है। हाल ही में सावन सोमवार पर करीब साढ़े सात लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने के बाद हरिफाटक से लेकर इंदौर-उज्जैन मार्ग तक ट्रैफिक दबाव देखने को मिला था। सिंहस्थ 2028 में करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। ऐसे में हरिफाटक से महाकाल लोक तक बनने वाला यह भूमिगत कॉरिडोर भविष्य की भीड़ को संभालने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि पार्किंग से सीधे महाकाल क्षेत्र तक वैकल्पिक कनेक्टिविटी मिलने से हरिफाटक ब्रिज पर वाहनों और पैदल श्रद्धालुओं का दबाव कम होगा।

