हैदराबाद: करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की बहुप्रतीक्षित क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दायरा’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में करीना और पृथ्वीराज पुलिस अधिकारियों की भूमिका में नजर आएंगे। ट्रेलर में एनकाउंटर, हत्या और लापता लड़की की जांच के बीच दोनों अधिकारियों के विचारों का टकराव देखने को मिलता है। फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
एनकाउंटर केस से शुरू होती है कहानी
ट्रेलर की शुरुआत एक पुलिस एनकाउंटर से होती है। पृथ्वीराज सुकुमारन फिल्म में डीसीपी रमन कुमार का किरदार निभा रहे हैं, जबकि करीना कपूर खान डीजीपी अजूनी कोहली की भूमिका में हैं। रमन कुमार एनकाउंटर को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपना पक्ष रखते नजर आते हैं, वहीं अजूनी कोहली मामले की गहराई से जांच करती हैं।
जांच के दौरान अजूनी एक परिवार से मिलती हैं और 7 अक्टूबर को हुई घटना से जुड़ी जानकारी जुटाती हैं। इसके बाद केस की कई परतें सामने आने लगती हैं।
लापता बेटी की तलाश से बढ़ता है सस्पेंस
ट्रेलर में एक परिवार अपनी लापता बेटी को खोजने के लिए पुलिस के पास पहुंचता है। मामले की जांच आगे बढ़ने पर एक ऐसे आरोपी का सुराग मिलता है, जो करीब दो साल से उसी रास्ते पर सक्रिय है, लेकिन पुलिस की पकड़ से बाहर है।
मामला आगे बढ़ने के साथ पुलिस की कार्रवाई, न्याय और जिम्मेदारी को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं।
करीना-पृथ्वीराज के बीच दिखेगा टकराव
फिल्म में करीना और पृथ्वीराज के किरदारों के बीच सिर्फ एक केस को लेकर मतभेद नहीं है। दोनों पुलिस अधिकारी जांच और कार्रवाई को लेकर अलग-अलग नजरिया रखते हैं। ट्रेलर में दोनों के बीच बढ़ता तनाव कहानी को और दिलचस्प बनाता है।

नाबालिग आरोपियों को लेकर भी अहम सवाल
‘दायरा’ में नाबालिग आरोपियों से जुड़े कानूनी पहलू को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है। ट्रेलर में सवाल उठता है कि रेप और हत्या जैसे गंभीर अपराधों के आरोपी नाबालिगों के मामले में नाबालिगों की सुरक्षा से जुड़े कानून किस तरह लागू होने चाहिए।
18 सितंबर को रिलीज होगी ‘दायरा’
‘राजी’ और ‘तलवार’ जैसी फिल्मों के बाद ‘दायरा’ मेघना गुलजार और जंगली पिक्चर्स का तीसरा सहयोग है। फिल्म में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज ने किया है।
‘दायरा’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

