भोपाल: चर्चित त्विषा शर्मा मौत मामले में आरोपी पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जिला एवं सत्र प्रधान न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव ने मामले को अपर सत्र न्यायाधीश पल्लवी द्विवेदी की अदालत में स्थानांतरित कर दिया है। अब दोनों आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने को लेकर 16 सितंबर 2026 को सुनवाई होगी। खास बात यह है कि इसी अदालत से गिरिबाला सिंह को त्विषा की मौत के दूसरे दिन अग्रिम जमानत मिली थी। हालांकि, बाद में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने जमानत का आदेश निरस्त कर दिया था।
17 अगस्त को सीबीआई ने दाखिल की चार्जशीट
सीबीआई ने 17 अगस्त को गिरिबाला सिंह और त्विषा के पति समर्थ सिंह के खिलाफ भोपाल की विशेष अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया था। दोनों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। यह मामला सत्र न्यायालय में विचारणीय होने के कारण केस की फाइल जिला एवं सत्र प्रधान न्यायाधीश के पास भेजी गई थी। इसके बाद इसे अपर सत्र न्यायाधीश पल्लवी द्विवेदी की अदालत में ट्रांसफर किया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया अंतर
सीबीआई की चार्जशीट में त्विषा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी उल्लेख किया गया है। चार्जशीट के अनुसार, एम्स दिल्ली की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर गंभीर चोट के निशान नहीं मिले, जबकि इससे पहले एम्स भोपाल की शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत से पहले शरीर पर छह चोटों के निशान दर्ज किए गए थे।
जमानत याचिकाओं को लेकर पहले भी बदली गई थीं अदालतें
गिरिबाला सिंह की गिरफ्तारी के बाद उनकी नियमित जमानत अर्जी पर भोपाल जिला अदालत में लगातार तीन दिनों तक सुनवाई नहीं हो सकी थी। मामला अलग-अलग अदालतों में भेजे जाने के बाद संबंधित न्यायाधीशों ने खुद को सुनवाई से अलग कर लिया था। बताया गया कि इन न्यायाधीशों में कुछ पहले गिरिबाला सिंह के अधीनस्थ या सहकर्मी के तौर पर काम कर चुके थे।
इसके बाद मामला प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश रामप्रताप मिश्रा की अदालत में पहुंचा, जहां गिरिबाला सिंह की पहली नियमित जमानत अर्जी खारिज कर दी गई थी।
यह भी पढ़े: शहडोल में दो हत्याकांडों पर कोर्ट का बड़ा फैसला: सात दोषियों को उम्रकैद
परिजन बोले- भोपाल से बाहर हो केस की सुनवाई
मामला उसी अदालत में स्थानांतरित होने के बाद त्विषा के परिजनों और उनके वकीलों ने आपत्ति जताई है। परिजनों ने भोपाल में निष्पक्ष सुनवाई को लेकर आशंका व्यक्त करते हुए केस को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
हाईकोर्ट में नियमित जमानत पर सुनवाई टली
गिरिबाला सिंह की नियमित जमानत याचिका पर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में भी सुनवाई टल गई। दैनिक कार्यसूची में जमानत आवेदन का नंबर काफी पीछे होने के कारण उपलब्ध समय में मामले की सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस याचिका पर आने वाले दिनों में सुनवाई होने की संभावना है।

