वॉशिंगटन डीसी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को लेकर सोशल मीडिया पर आक्रामक रुख अपनाते हुए करीब एक घंटे के भीतर सात पोस्ट शेयर किए। इन पोस्ट में उन्होंने ईरान की अर्थव्यवस्था, तेल निर्यात, महंगाई और करेंसी की स्थिति को निशाना बनाया। इसके साथ ही खार्ग द्वीप को लेकर एक AI-generated तस्वीर शेयर करते हुए ‘बाय-बाय खार्ग’ लिखा।
ईरान के नक्शे को दिया ट्रम्प के चेहरे का आकार
एक पोस्ट में ट्रम्प ने ईरान के नक्शे से जुड़ा ग्राफिक शेयर किया। इसमें पहले ईरान का सामान्य नक्शा दिखाया गया, जबकि दूसरी तस्वीर में नक्शे की आकृति को बदलकर ट्रम्प के साइड प्रोफाइल जैसा बनाया गया था। एक अन्य ग्राफिक में ईरान के नक्शे के ऊपर ट्रम्प की तस्वीर दिखाई गई। इसे ईरान पर अमेरिकी दबाव को लेकर दिए गए प्रतीकात्मक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
होर्मुज से रोज 1.8 करोड़ बैरल तेल गुजरने का दावा
ट्रम्प ने एक ग्राफिक शेयर किया और दावा किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल की सप्लाई, अब करीब 1.8 करोड़ बैरल तेल प्रतिदिन गुजर रहा है। पहले यह आंकड़ा करीब 2 करोड़ बैरल प्रतिदिन बताया गया था।
होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री तेल मार्गों में शामिल है। इसलिए इस क्षेत्र में तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर भी पड़ सकता है।
ईरान के तेल निर्यात में भारी गिरावट का दावा
एक अन्य पोस्ट में ट्रम्प ने ईरान के तेल निर्यात से जुड़ा ग्राफिक शेयर किया। इसमें दावा किया गया कि 2025 की शुरुआत में ईरान का तेल निर्यात करीब 20 लाख बैरल प्रतिदिन था, जो 2026 में गिरकर बेहद निचले स्तर पर पहुंच गया।
ग्राफिक में बीच के समय में निर्यात में कुछ सुधार भी दिखाया गया, लेकिन बाद में इसमें फिर तेज गिरावट दिखाई गई।
महंगाई और रियाल की कमजोरी पर साधा निशाना
ट्रम्प ने ईरान में महंगाई को लेकर भी पोस्ट किया। ग्राफिक पर ‘Iran has hyperinflation’ लिखा था। इसके जरिए ईरान में तेजी से बढ़ती कीमतों और आर्थिक दबाव को दिखाने की कोशिश की गई।
इसके बाद उन्होंने ईरानी करेंसी रियाल से जुड़ा ग्राफिक शेयर किया, जिस पर ‘Iran currency is destroyed’ लिखा था। 2025 की शुरुआत में एक अमेरिकी डॉलर की कीमत करीब 9 लाख ईरानी रियाल थी, जबकि इसमें दिखाए गए ताजा आंकड़े में यह 22.7 लाख रियाल से ज्यादा बताई गई।
यह भी पढ़े : बिहार में बाढ़ का कहर: 22 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित,12 जिलों में लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त
खार्ग द्वीप की AI तस्वीर शेयर कर लिखा- ‘बाय-बाय खार्ग’
ट्रम्प की सबसे ज्यादा चर्चा वाली पोस्ट ईरान के खार्ग द्वीप को लेकर रही। उन्होंने एक AI-generated तस्वीर शेयर की, जिसमें लड़ाकू विमान तेल ठिकानों की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा था और आसपास धमाके दिखाए गए थे। तस्वीर पर लिखा था- ‘Bye-Bye Kharg’।
आखिरी पोस्ट में ईरान को बताया ‘फॉलिंग नेशन’
ट्रम्प ने अपनी पोस्ट की आखिरी कड़ी में ईरान को कमजोर होता देश बताते हुए उसकी आर्थिक और राजनीतिक स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि ईरान की अर्थव्यवस्था और व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है।
करीब एक घंटे में किए गए इन सात पोस्ट के जरिए ट्रम्प ने एक साथ ईरान की oil economy, inflation, currency और strategic oil infrastructure को निशाना बनाया। खार्ग द्वीप और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़े पोस्ट ने दोनों देशों के बीच जारी तनाव को लेकर भी ध्यान खींचा है।

