रीवा:संजय गांधी अस्पताल में मरीजों की मौत और कथित लापरवाही के मुद्दे को लेकर रीवा में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी दौरान सेमरिया से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा के एक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृत महिला के शव के साथ दुष्कर्म किए जाने का गंभीर आरोप लगाया।
बयान करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा
अभय मिश्रा का यह बयान करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा है। वह संजय गांधी अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला के खिलाफ चल रहे धरने में शामिल हुए थे। इसी दौरान उन्होंने भाषण में यह आरोप लगाया।
स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग
संजय गांधी अस्पताल में महिला की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस लगातार विरोध कर रही है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोषी डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।कांग्रेस नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला के इस्तीफे की मांग भी उठाई है। महिला की मौत के मामले को लेकर रीवा के सिरमौर चौराहे पर धरना जारी है, जिसमें कांग्रेस के कई नेता शामिल हो चुके हैं।
बीजेपी विधायक ने बयान पर जताई आपत्ति
कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा के बयान पर बीजेपी विधायक नरेंद्र प्रजापति ने पलटवार किया। उन्होंने बयान को आधारहीन बताते हुए अभय मिश्रा की आलोचना की।नरेंद्र प्रजापति ने कहा कि इस तरह की घटना किसी अस्पताल में होने की बात उन्होंने कभी नहीं सुनी। उन्होंने अभय मिश्रा के बयान को मानसिक विकृति बताते हुए उनसे अपने बयान पर विचार करने की बात कही।
अस्पताल मामले पर जारी है सियासी घमासान
संजय गांधी अस्पताल में महिला की मौत का मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है। कांग्रेस जहां मामले में जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई और स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही है, वहीं बीजेपी कांग्रेस विधायक के बयान को लेकर हमलावर है।

