भोपाल:जय आदिवासी युवा शक्ति (JAYS) के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रपाल मरकाम की ओर से भाजपा प्रवक्ता हितेश बाजपेई को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा गया है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक पॉडकास्ट/वीडियो में बाजपेई ने JAYS और उससे जुड़े लोगों को लेकर टिप्पणी की, जिससे संगठन की प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।
वीडियो में बाजपेई ने क्या कहा?
कानूनी नोटिस में हितेश बाजपेई के वीडियो में कही गई बात का उल्लेख किया गया है। इसमें उन्होंने कहा था- “हमारा आदमी चुनाव लड़ने जाता है, ये पैसे मांगने आ जाते हैं। हम यहां बैठ देंगे, यहां खड़ा कर देंगे, दलाली करने लग जाते हैं।”JAYS की ओर से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि इस टिप्पणी से संगठन और उससे जुड़े लोगों के बारे में ऐसा संदेश जाता है कि वे चुनाव लड़ने वाले लोगों से पैसे मांगते हैं और राजनीतिक गतिविधियों में आर्थिक लेन-देन करते हैं।
15 दिन में माफी और वीडियो हटाने की मांग
अधिवक्ता सम्यक जैन की ओर से 9 सितंबर को जारी नोटिस में हितेश बाजपेई से 15 दिन के भीतर इंद्रपाल मरकाम और JAYS से बिना शर्त लिखित माफी मांगने को कहा गया है।नोटिस में बयान वापस लेने के साथ फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सार्वजनिक रूप से माफी या खंडन जारी करने तथा संबंधित वीडियो, पोस्ट और रील हटाने की मांग भी की गई है।
कार्रवाई नहीं होने पर केस की चेतावनी
कानूनी नोटिस में कहा गया है कि निर्धारित अवधि में मांगों का पालन नहीं होने पर JAYS की ओर से भारतीय न्याय संहिता की धारा 356 के तहत आपराधिक कार्रवाई के साथ मानहानि के लिए दीवानी मुकदमा भी दायर किया जा सकता है।

