भोपाल:सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का मामला अब मध्य प्रदेश की सियासत में तूल पकड़ता जा रहा है। बंडा दौरे पर रवाना होने से पहले छतरपुर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने प्रदेश सरकार, पुलिस और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में अवैध शराब का कारोबार बिना राजनीतिक संरक्षण के संभव नहीं है।
अवैध शराब नेटवर्क और संरक्षण के आरोप
छतरपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह केवल कुछ लोगों की मौत का मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय अवैध शराब के पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय नेताओं, पुलिस अधिकारियों और प्रशासन की मिलीभगत और संरक्षण के बिना इस तरह का अवैध कारोबार नहीं चलाया जा सकता।
ये भी पढ़े:चेक बाउंस मामले में निशांत पुनासे को 1 साल की सजा, 17.32 लाख रुपए प्रतिकर देने का आदेश
एसपी की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने सागर के वर्तमान पुलिस अधीक्षक (SP) की कार्यप्रणाली पर भी कड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिस अधिकारी के कार्यकाल में पहले मुरैना में जहरीली शराब से मौतें हुईं, वही अब सागर में पदस्थ हैं और फिर ऐसी घटना सामने आ गई। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि यह बेनकाब हो सके कि इस अवैध कारोबार के पीछे असली संरक्षक कौन हैं।

