बरिशाल: बांग्लादेश के वरिष्ठ पत्रकार और समकाल के पूर्व बरिशाल ब्यूरो चीफ पुलक चटर्जी शुक्रवार शाम मृत पाए गए। 57 वर्षीय चटर्जी का शव बरिशाल शहर के पेरारा रोड स्थित अखबार के ऑफिस के अंदर मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
ऑफिस अंदर से था बंद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलक की पत्नी उनसे फोन पर संपर्क नहीं कर पा रही थीं। इसके बाद समकाल के स्थानीय ऑफिस से जुड़े पत्रकार सुमन चौधरी वहां पहुंचे। ऑफिस का दरवाजा अंदर से बंद था। बाद में पुलिस को सूचना दी गई और दरवाजा खोलकर पुलक का शव बरामद किया गया।
पुलक चटर्जी बरिशाल प्रेस क्लब के महासचिव भी रह चुके थे। उन्होंने जुगांतर और समकाल जैसे बांग्लादेशी अखबारों के साथ लंबे समय तक काम किया था। 2023 में उनकी ‘समकाल’ की नौकरी चली गई थी और इसके बाद से वह बेरोजगार थे। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटी हैं।
पांच नोट मिलने से सामने आई नई जानकारी
मामले में सबसे अहम जानकारी पुलिस को मिले पांच handwritten notes हैं। बरिशाल मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक इन नोट्स में पुलक ने लंबे समय से बीमारी, इलाज के बावजूद राहत नहीं मिलने और बेरोजगारी से पैदा हुई परेशानी का जिक्र किया था। एक नोट उनकी बेटी के लिए भी था।
यह भी पढ़े: सुल्तानगंज के गोरखी में शराबबंदी को लेकर महिलाओं सहित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
मौत को लेकर उठ रहे सवाल
दूसरी ओर इस घटना को लेकर राजनीतिक आरोप भी सामने आए हैं। शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने पुलक की मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए हत्या का संदेह जताया है। पार्टी ने इसे बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों और पत्रकारों की सुरक्षा के मुद्दे से भी जोड़ा है।
हालांकि हत्या का दावा अभी जांच में साबित नहीं हुआ है। उपलब्ध पुलिस जानकारी पांच नोट्स और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर दूसरी ओर इशारा करती है। ऐसे में पुलक चटर्जी की मौत की अंतिम वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

