भोपाल: शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह का पति नरेन्द्र सिंह मरावी के साथ तलाक हो गया है। अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम जिला न्यायालय ने दोनों की पारस्परिक सहमति से विवाह विच्छेद की डिक्री 3 सितंबर 2026 को पारित की। दोनों का विवाह 23 नवंबर 2017 को हिंदू रीति-रिवाज से राजेंद्रग्राम में हुआ था। यानी शादी के करीब 9 साल बाद दोनों का तलाक हुआ है।
छोटी-छोटी बातों पर विवाद, 5 साल से अलग रह रहे थे
कोर्ट में प्रस्तुत तथ्यों के मुताबिक शादी के बाद दोनों राजेंद्रग्राम में साथ रहे और वैवाहिक दायित्व निभाए। इसी दौरान 20 जून 2019 को बेटी गिरिशा सिंह का जन्म हुआ। इसके बाद पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने लगे। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों का एक-दूसरे से मिलना-जुलना बंद हो गया और वे 5 मई 2021 से अलग-अलग रहने लगे।
हिमाद्री की ओर से कोर्ट में यह तथ्य रखा गया कि दोनों के बीच अब साथ रहने की कोई संभावना नहीं है और वैवाहिक दाम्पत्य जीवन समाप्त हो चुका है। याचिका में दोनों ने विवाह विच्छेद के लिए अपनी सहमति जताई। दस्तावेज में एक-दूसरे पर किसी विशेष तरह के आरोप लगाने के बजाय यह बात सामने रखी गई कि उनके बीच वैवाहिक संबंध सामान्य रूप से चलना संभव नहीं है।
बेटी हिमाद्री के साथ रहेगी
कोर्ट के सामने यह भी रखा गया कि बेटी गिरिशा सिंह हिमाद्री के साथ रह रही है। उसकी पालन-पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और वैवाहिक खर्च की जिम्मेदारी हिमाद्री सिंह की होगी। हिमाद्री ने अपने लिए और बेटी के लिए नरेन्द्र सिंह मरावी से किसी तरह के भरण-पोषण या गुजारा भत्ते की मांग नहीं करने की बात भी कही।
कोर्ट ने सुलह के लिए दिया 6 महीने का समय
मामले में कोर्ट ने दोनों को फैसला बदलने और फिर से साथ आने के लिए 6 महीने का समय दिया था। न्यायालय ने दोनों के पुनर्मिलाप की कोशिश भी की, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं हुआ। छह महीने की अवधि पूरी होने के बाद भी दोनों ने कोर्ट को बताया कि पति-पत्नी के रूप में साथ रहना संभव नहीं है और वे अपनी इच्छा से तलाक चाहते हैं।
3 सितंबर को पारित हुई तलाक की डिक्री
छह महीने की अवधि और सुलह के प्रयास विफल होने के बाद न्यायालय ने दोनों की पारस्परिक सहमति को स्वीकार करते हए 3 सितंबर 2026 को हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 की धारा 13-बी के तहत विवाह विच्छेद की डिक्री पारित कर दी। कोर्ट ने अपने आदेश में माना कि दोनों का पति-पत्नी के रूप में एक साथ रहकर दाम्पत्य जीवन निभाना संभव नहीं है।
यह भी पढ़े:बालाघाट में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ पत्रकारों में नाराजगी, छवि खराब करने का लगाया आरोप
भरण-पोषण की मांग नहीं करेंगी
कोर्ट के आदेश में यह उल्लेख है कि हिमाद्री सिंह ने स्वयं के लिए और बेटी के लिए नरेन्द्र सिंह मरावी से किसी प्रकार के भरण-पोषण या गुजारा भत्ते की मांग नहीं करने की बात कही है। दोनों पक्षों ने यह भी कहा कि विवाह से जुड़े उपहार और जेवरात को लेकर कोई विवाद शेष नहीं है।

