जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ जिले में लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर यानी SPO के शव बरामद हुए हैं। दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
बुधवार शाम दोनों SPO लापता हो गए थे
मामला मारवाह के जंगल का है, जहां बुधवार शाम दोनों SPO लापता हो गए थे। दोनों सेना के जवानों के साथ सर्च ऑपरेशन पर गए थे। इसी दौरान जंगल से फायरिंग की आवाजें भी सुनाई दी थीं। मृतकों की पहचान रशपाल कुमार और बाबी चंद के रूप में हुई है। उनके पास एक इंसास और एक .303 राइफल थी, लेकिन दोनों हथियार भी गायब मिले हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
दोनों SPO के लापता होने के दौरान इसी इलाके में एयरटेल नेटवर्क सेवाएं बाधित होने की जानकारी भी सामने आई थी। एयरटेल कंपनी ने इसी साल 10 मार्च को मरवाह इलाके में पहली बार मोबाइल नेटवर्क सेवा शुरू की थी।
अक्टूबर में लापता SPO का शव मिला था
15 अक्टूबर 2026 को SPO बशीर अहमद किश्तवाड़ के त्रिगाम स्थित पुलिस पिकेट से सर्विस राइफल के साथ लापता हुए थे। अगले दिन 16 अक्टूबर को उनका शव त्रिगाम के जंगल में एक नाले के पास गड्ढे में दबा मिला। 19 अक्टूबर को पुलिस ने इस हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
कुलगाम में कल आतंकी हमले में 3 CRPF जवान घायल हुए थे
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने CRPF के अखरान कैंप में नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर फायरिंग कर दी। आतंकी हमले का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें हमलावर 15 सेकेंड के अंदर करीब 30 राउंड फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
घटना करीब 2:15 बजे की है। इसमें तीन जवान घायल हो गए। उन्हें अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो और राकेश दास के तौर पर हुई है। तीनों CRPF की 46वीं बटालियन में तैनात हैं।
ये भी पढ़ें: शिवराज की मां की त्रयोदशी में जुटेंगे दिग्गज, राजनाथ-योगी और ओम बिरला आज भोपाल आएंगे
3 साल में 548 आतंकी घटनाएं हुईं
जम्मू-कश्मीर में 2024 से अब तक 548 आतंकी घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं में 45 जवान शहीद हुए हैं और 138 आतंकी मारे गए हैं।

