नई दिल्ली:आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के गोवा में दिए एक बयान ने दिल्ली की सियासत में भी हलचल बढ़ा दी है। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा का वोटर ही आम आदमी पार्टी के लिए वोट करता है। उनके इस बयान को कांग्रेस ने तुरंत राजनीतिक मुद्दा बना लिया और इसे अपने पुराने आरोपों के समर्थन के तौर पर पेश किया। केजरीवाल के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि आप संयोजक ने खुद ही वह बात स्वीकार कर ली है, जिसे कांग्रेस लंबे समय से कहती आ रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केजरीवाल का बयान इस बात की पुष्टि करता है कि आम आदमी पार्टी भाजपा की ‘बी टीम’ के तौर पर काम करती है।
बीजेपी समर्थित वोट हासिल करती है AAP
गोवा में रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल उस नैरेटिव को खारिज करने की कोशिश कर रहे थे, जिसमें आम आदमी पार्टी पर विपक्षी वोटों का बंटवारा करने और इससे भाजपा को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया जाता है।केजरीवाल ने इसके उलट दावा किया कि आम आदमी पार्टी मुख्य रूप से भाजपा समर्थक वोटरों का समर्थन हासिल करती है। उन्होंने दिल्ली के पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा से नाराज हुआ वोटर कांग्रेस के लिए वोट नहीं करता, बल्कि ऐसे मतदाता आम आदमी पार्टी को स्वीकार करते हैं।
लोकसभा में BJP, विधानसभा में AAP को वोट
केजरीवाल ने अपनी बात समझाने के लिए दिल्ली के चुनावों का उदाहरण दिया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में करीब 20 प्रतिशत ऐसे मतदाता आम आदमी पार्टी के साथ आते हैं, जिन्होंने लोकसभा चुनाव में भाजपा को वोट दिया था। उनका तर्क था कि भाजपा के खिलाफ नाराजगी रखने वाला मतदाता कांग्रेस की ओर जाने के बजाय आम आदमी पार्टी को विकल्प के तौर पर चुनता है। इसी आधार पर उन्होंने विपक्षी वोटों के बंटवारे से भाजपा को फायदा पहुंचाने वाले नैरेटिव को गलत बताया।

