भोपाल: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी मंगलवार को भोपाल पहुंच रहे हैं। उनका मुख्य कार्यक्रम शाम को सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड में होने वाली जनसभा है, जहां वे समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code-UCC) के विरोध में अपनी बात रखेंगे।
ओवैसी के भोपाल दौरे को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज है। गणेश उत्सव के दौरान जनसभा आयोजित करने पर कुछ संगठनों ने आपत्ति जताते हुए कार्यक्रम रद्द करने की मांग की थी। हालांकि AIMIM की ओर से साफ किया गया है कि कार्यक्रम अपने तय समय पर ही होगा।
दोपहर 2:50 बजे भोपाल पहुंचेंगे ओवैसी
तय कार्यक्रम के मुताबिक असदुद्दीन ओवैसी दोपहर करीब 2:50 बजे भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे होटल जहांनुमा जाएंगे और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
इसके बाद शाम करीब 7:30 बजे सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। यह सभा AIMIM की ओर से UCC के विरोध में चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
ओवैसी-CM पहले भी आमने-सामने
मध्य प्रदेश के कई मुद्दों को लेकर ओवैसी पहले भी राज्य सरकार पर निशाना साध चुके हैं। जून 2024 में मंडला जिले में गौमांस मिलने के आरोपों के बाद 11 मकानों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर उन्होंने सरकार की आलोचना की थी।
ओवैसी ने उस समय 2015 के अखलाक हत्याकांड का जिक्र करते हुए आरोप लगाया था कि पहले भीड़ घरों में घुसकर कार्रवाई करती थी और अब सरकार उसी तरह का काम कर रही है। उन्होंने उन राजनीतिक दलों पर भी सवाल उठाए थे, जिन्हें मुस्लिम समुदाय का समर्थन मिलता है। उनकी टिप्पणी पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी जवाब दिया था। उन्होंने कहा था, यह मध्य प्रदेश है, हैदराबाद नहीं।
भोजशाला-कमाल मौला विवाद पर भी दिया था बयान
मई 2026 में भोजशाला परिसर से जुड़े मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के फैसले के बाद भी ओवैसी की प्रतिक्रिया सामने आई थी। उन्होंने दावा किया था कि सुप्रीम कोर्ट में यह आदेश पलट जाएगा।
ओवैसी ने इस मामले की तुलना बाबरी मस्जिद विवाद से भी की थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने दावा किया था कि भोजशाला परिसर करीब 700 साल से मस्जिद और वक्फ संपत्ति है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया था कि फैसले में पूजा स्थल अधिनियम, 1991, धार स्टेट गजट और वक्फ पंजीकरण से जुड़े दस्तावेजों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया।
यह भी पढ़े : राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले सियासी वार-पलटवार, जीतू पटवारी ने CM मोहन यादव को दी भाषा में संयम की नसीहत
इंदौर दूषित पानी मामले में भी सरकार को घेरा था
जनवरी 2026 में इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौतों का मामला सामने आने के बाद भी ओवैसी ने मध्य प्रदेश सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया था कि सरकार का ध्यान बुलडोजर कार्रवाई पर अधिक है, जबकि लोगों को साफ पीने का पानी जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराने में वह नाकाम रही है।
अब एक बार फिर ओवैसी भोपाल में मंच से मध्य प्रदेश की राजनीति से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखने जा रहे हैं। हालांकि इस बार उनकी जनसभा का मुख्य मुद्दा UCC का विरोध है। ऐसे में शाम की सभा में वे केंद्र और प्रदेश सरकार को लेकर क्या कहते हैं, इस पर राजनीतिक दलों की नजर रहेगी।

