इंदौर: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित इंदौर दौरे से पहले मध्य प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। राहुल गांधी यहां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की राहुल गांधी को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पलटवार किया है। पटवारी ने मुख्यमंत्री को भाषा में संयम रखने और पद की गरिमा का ध्यान रखने की नसीहत दी है।
CM मोहन यादव की टिप्पणी
राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पिछले दिनों बिना नाम लिए टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था, ‘भाई है कि मानता ही नहीं है। भाई अब करे भी क्या, भाई का नाम ही पप्पू है।’ मुख्यमंत्री के इस बयान पर जीतू पटवारी ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को बयान देते समय भाषा पर संयम रखना चाहिए। मुख्यमंत्री का पद प्रशासनिक जिम्मेदारी से जुड़ा हुआ है और इसकी गरिमा बनाए रखना जरूरी है।
सीएम की भाषा पर पटवारी का पलटवार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री की भाषा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जैसी भाषा का इस्तेमाल किया जाएगा, उसी अंदाज में जवाब भी मिलेगा। उन्होंने कहा,पेड़ लगाएंगे बबूल के तो कांटे ही लगेंगे, फल नहीं उगेंगे। इसलिए जैसी भाषा रहेगी, वैसा ही जवाब मिलेगा।
पटवारी ने मुख्यमंत्री से संयमित भाषा का इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही उन्होंने प्रदेश में पेपर लीक, पटवारी भर्ती, सिपाही भर्ती, व्यापम घोटाले और पीसीसी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर मोहन सरकार पर निशाना साधा।
यह भी पढ़े : फर्जी वीजा गिरोह का पर्दाफाश: विदेश भेजने के नाम पर 12.65 लाख की ठगी
बीजेपी उठा रही है यूसीसी का मुद्दा
यूसीसी को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर भी हमला बोलते हुए पटवारी ने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई जैसे गंभीर मुद्दे मौजूद हैं, लेकिन बीजेपी इन मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए यूसीसी समेत कई दूसरे मुद्दों को सामने ला रही है।
वहीं, कांग्रेस नेताओं की राहुल गांधी को लेकर आई प्रतिक्रियाओं पर बीजेपी नेता एवं प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस के नेता भी मानने लगे हैं कि राहुल गांधी “पप्पू” हैं। यादव ने दावा किया कि केवल बीजेपी ही नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता राहुल गांधी को “पप्पू” मानती है।

