उज्जैन: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर गुरुवार सुबह से ही विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन का दौर जारी है। बाबा महाकाल के दरबार में मंदिर के पुरोहित सत्यनारायण जोशी एवं अन्य विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रधानमंत्री की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र कल्याण के लिए संकल्पपूर्वक विशेष पूजा की गई। इस दौरान गर्भगृह में प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर रखकर तिलक लगाया गया और उनके यशस्वी कार्यकाल की मंगल कामना की गई।
पीएम नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन
आज पीएम नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन है। इस मौके पर भाजपा देशभर में कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसे मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने से भी जोड़ा गया है। इसके तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।
देशभर में सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम
पीएम मोदी के जन्मदिन पर देश के अलग-अलग हिस्सों में सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम होंगे। भाजपा ने लोगों से घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है। गुजरात स्थित पीएम के जन्मस्थल वडनगर और वाराणसी से बाइक यात्रा शुरू होगी। फरीदाबाद में भाजपा सांसद दिव्यांगों को इलेक्ट्रिक स्कूटी बांटेंगे।
ये भी पढे:MP में ग्रामीण जमीन-मकान की रजिस्ट्री आज से मुफ्त, 50 लाख संपत्तियों को मिलेगा फायदा
उज्जैन में 25 लाख से ज्यादा दीप जलाने की तैयारी
उज्जैन में 25 लाख से ज्यादा दीप जलाने की तैयारी है। मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया समेत 10 प्रमुख जगहों को लाइट्स से जगमग किया जाएगा। इधर पटना में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीएम के कटआउट की आरती उतारी और दूध चढ़ाया।

