भोपाल। बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर विवादों में घिर गई हैं। कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजकर विवादित पोस्ट हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। हफीज का आरोप है कि करीना ने जिस पेंडेंट को फैशन एक्सेसरी के रूप में पहना है, वह भोपाल की पूर्व रियासत के शाही परिवार की करीब 400 साल पुरानी ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर है। इस पेंडेंट पर कुरान की आयतें अंकित हैं।
कांग्रेस नेता ने अपने वकील जफर के माध्यम से भोपाल कोर्ट के जरिए यह नोटिस भेजा है। हफीज का कहना है कि उन्हें करीना के पहनावे या उनके द्वारा इस्तेमाल की गई कलगी (प्लूम) से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन धार्मिक महत्व वाले पेंडेंट को फैशन के तौर पर इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
उनके मुताबिक, यह पेंडेंट भोपाल की तत्कालीन शासक शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम ने धार्मिक उद्देश्य और इबादत के लिए बनवाया था। इस पर अंकित कुरान की आयतों का इस्लाम में विशेष महत्व है। इसलिए इसका इस्तेमाल करते समय धार्मिक भावनाओं और ऐतिहासिक महत्व का ध्यान रखा जाना चाहिए।
पोस्ट हटाने और सार्वजनिक माफी की मांग
कानूनी नोटिस में अब्बास हफीज ने करीना कपूर खान से संबंधित इंस्टाग्राम पोस्ट हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में इस तरह की घटना नहीं दोहराने का आश्वासन देने की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक महत्व से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहर को केवल सजावटी आभूषण के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। इस मामले ने अभिनेत्री के सोशल मीडिया पोस्ट और भोपाल रियासत की ऐतिहासिक विरासत को लेकर नया विवाद खड़ा कर दिया है।

