दार्जिलिंग: पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में हनीमून मनाने गए एक नवविवाहित जोड़े के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। सिटोंग इलाके के एक होमस्टे में बारबेक्यू के दौरान अचानक आग की तेज लपटें उठीं और पास बैठी महिला इसकी चपेट में आ गई। महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए सिलीगुड़ी के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना 13 सितंबर की रात की बताई जा रही है। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आग भड़कने से पहले और उसके बाद का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है।
तरल पदार्थ डालते ही उठीं तेज लपटें
CCTV फुटेज में नवविवाहित जोड़ा बारबेक्यू के पास बैठा नजर आता है। इसी दौरान एक व्यक्ति हाथ में कैन लेकर आग के पास पहुंचता है और उसमें कोई तरल पदार्थ डालता दिखाई देता है। इसके कुछ ही सेकंड बाद अचानक आग की तेज लपटें उठती हैं।
पास बैठी महिला आग की चपेट में आ जाती है और कुछ ही पलों में जमीन पर गिर जाती है। इसके बाद वहां मौजूद लोग उसे बचाने के लिए दौड़ते हैं। एक व्यक्ति अपनी टी-शर्ट उतारकर आग बुझाने की कोशिश करता हुआ भी दिखाई देता है।
परिवार ने होमस्टे प्रबंधन पर उठाए सवाल
हादसे के बाद महिला को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे सिलीगुड़ी के एक प्राइवेट अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
महिला के परिवार ने होमस्टे प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिवार का सवाल है कि बारबेक्यू के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं थे और हादसे के तुरंत बाद जरूरी Emergency Help उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाए गए।
होमस्टे प्रबंधन के खिलाफ FIR
मामले में होमस्टे प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बारबेक्यू की आग में डाला गया तरल पदार्थ क्या था और वहां जरूरी Safety Arrangements मौजूद थे या नहीं।
साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना में किसी तरह की लापरवाही हुई थी या नहीं। फिलहाल लगाए गए आरोपों पर होमस्टे प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

