Sunday, September 20, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsआगर मालवा में उफनते नाले में बही कार , एक ही परिवार...

आगर मालवा में उफनते नाले में बही कार , एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत

आगर मालवा: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मां बगलामुखी मंदिर के पास एक बरसाती नाले के तेज बहाव में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई। हादसे में कार सवार सभी 8 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष बताए जा रहे हैं।

बगलामुखी मंदिर से लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, कार सवार श्रद्धालु नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के बाद लौटते समय उनकी कार मंदिर के पास बरसाती नाले को पार कर रही थी। इसी दौरान पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से कार बह गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। इसके बाद प्रशासनिक अमला और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।

भारी बारिश से नाले में बढ़ा पानी

नलखेड़ा क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 3.7 इंच बारिश दर्ज किए जाने की जानकारी है। रात के समय बारिश का जोर अधिक रहने से मंदिर के पास से गुजरने वाले बरसाती नाले में पानी का बहाव काफी तेज हो गया था।

मां बगलामुखी मंदिर के सामने से यह बरसाती नाला गुजरता है। मुख्य सड़क से मंदिर की ओर जाने के लिए नाले पर बनी पुलिया को पार करना पड़ता है। हादसा इसी क्षेत्र में हुआ बताया जा रहा है।

यह भी पढ़े: भोपाल कलेक्टर के नाम से फेक ID वायरल, प्रशासन ने किया अलर्ट – फॉलो न करें

सभी 8 लोगों की मौत

हादसे के बाद नाले में बही कार और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी जमा हो गए। पुलिस और प्रशासन की टीम ने क्षेत्र में राहत-बचाव कार्य संभाला।

हादसे में कार सवार सभी 8 श्रद्धालुओं की मौत की जानकारी सामने आई है। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। फिलहाल मृतकों की आधिकारिक पहचान सामने नहीं आई है। प्रशासन शवों की पहचान और आगे की कार्रवाई में जुटा है।

नलखेड़ा का मां बगलामुखी मंदिर लखुंदर नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। यहां मध्य प्रदेश के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

13 to 19 September 2026
6 to 12 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन