Saturday, November 7, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsरोजगार मेले में 51 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र, मोदी...

रोजगार मेले में 51 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र, मोदी बोले- विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की बड़ी भूमिका

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को रोजगार मेले के 20वें चरण में 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए। देशभर के 45 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने नव नियुक्त कर्मचारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है और इसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

मोदी ने कहा कि सरकारी सेवा में आने वाले युवाओं को ऐसे फैसलों पर ध्यान देना चाहिए, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को मजबूत करें। उन्होंने नियुक्ति पाने वाले युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि इस मुकाम के पीछे युवाओं की मेहनत के साथ माता-पिता और परिजनों का योगदान भी है।

छोटे शहरों में बढ़ रहा स्टार्टअप का दायरा

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप तंत्र है। अब स्टार्टअप केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं हैं। करीब आधे मान्यता प्राप्त स्टार्टअप दूसरे और तीसरे स्तर के शहरों में काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान युवाओं को भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करने पर रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति, कौशल विकास अभियान, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और प्रशिक्षुता को बढ़ावा देने जैसी पहलों के जरिए युवाओं की शिक्षा और कौशल को रोजगार की बदलती जरूरतों से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

45 केंद्रों पर हुआ रोजगार मेला

रोजगार मेले के तहत नियुक्त युवाओं की तैनाती केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में होगी। इनमें राजस्व, रेल, गृह, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, वित्तीय सेवा और रक्षा से जुड़े विभाग शामिल हैं।

सरकार के अनुसार, रोजगार मेले के विभिन्न चरणों में अब तक करीब 12.75 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।

यह भी पढ़ें: समान काम के लिए समान वेतन का दावा आसान नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने बताई जरूरी शर्तें

अक्टूबर 2022 में शुरू हुआ था रोजगार मेला

रोजगार मेले की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी ने 22 अक्टूबर 2022 को की थी। उस समय सरकार ने 2023 के अंत तक 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा था। 12 फरवरी 2024 को आयोजित 12वें रोजगार मेले में एक लाख नियुक्ति पत्र बांटे गए थे। वर्ष 2025 में रोजगार मेले के जरिए नियुक्ति पत्र पाने वालों की संख्या 11 लाख तक पहुंची थी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन