भोपाल: राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार सुबह दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, करीब सुबह 7:30 बजे इखलाश बाइक से जा रहा था। इसी दौरान उसका परिचित अलीम उससे लिफ्ट मांगकर बाइक पर पीछे बैठ गया। आरोप है कि चलती बाइक के दौरान अलीम ने पीछे से इखलाश के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से इखलाश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही निशातपुरा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर जांच शुरू की।
पुरानी रंजिश की बात सामने आई
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। मृतक के भाई के अनुसार, करीब एक महीने पहले भी इखलाश का आरोपी अलीम और उसके एक साथी से विवाद हुआ था। उस समय स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था।
यह भी पढ़ें : दीपिका-रणवीर के घर दूसरी बेटी, 2013 में तीन बच्चों की इच्छा जता चुकी हैं अभिनेत्री
पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अलीम को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं और आरोपी के पास हथियार कहां से आया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

