नई दिल्ली:सितंबर खत्म होने से ठीक पहले बैंकों की 3 दिन की प्रस्तावित हड़ताल ने ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। सरकार ने भी इन तारीखों पर हड़ताल की पुष्टि करते हुए कर्मचारियों से इसे टालने की अपील की है।
हड़ताल का सबसे ज्यादा असर पब्लिक सेक्टर बैंकों की ब्रांच सेवाओं पर पड़ सकता है। कैश जमा-निकासी, चेक क्लियरिंग और ब्रांच से जुड़े दूसरे काम प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहने की उम्मीद है।
क्या सितंबर की Salary देर से आएगी?
तीन दिन की हड़ताल का मतलब ये नहीं कि सभी कर्मचारियों की सैलरी लेट होगी। इसका असर इस बात पर निर्भर करेगा कि कंपनी ने पेरोल फाइल और सैलरी पेमेंट कब प्रोसेस किया।
अगर किसी प्राइवेट कंपनी ने 28 सितंबर से पहले सैलरी प्रोसेस कर दी है और पेमेंट ऑटोमेटेड बैंकिंग सिस्टम से होना है, तो सैलरी समय पर क्रेडिट हो सकती है। लेकिन जिन कंपनियों की पेरोल प्रोसेसिंग 28 से 30 सितंबर के बीच ब्रांच या बैंकिंग ऑपरेशन पर निर्भर है, उनके कर्मचारियों को थोड़ी देरी हो सकती है।
सरकारी कर्मचारियों की Salary पहले जारी करने की तैयारी
सरकारी कर्मचारियों को राहत देने के लिए केंद्र ने सितंबर का भुगतान पहले करने का फैसला किया है। वित्त मंत्रालय के निर्देश के मुताबिक केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी, वेज और पेंशनरों की पेंशन 25 सितंबर को जारी की जा सकती थी। इसमें डिफेंस, पोस्ट और टेलीकॉम विभाग भी शामिल हैं।
प्राइवेट सेक्टर के लिए ऐसा कोई सरकारी आदेश नहीं है। उनकी सैलरी कंपनी की अपनी पेरोल व्यवस्था पर निर्भर करेगी।
27 सितंबर रविवार को भी खुलेंगे बैंक
ग्राहकों को लगातार कई दिन ब्रांच सेवाओं से वंचित न रहना पड़े, इसलिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है।
रविवार, 27 सितंबर को सभी पब्लिक सेक्टर बैंक और रीजनल रूरल बैंक खुले रहेंगे। RBI ने भी बैंक ब्रांच, ऑफिस, ATM-लिंक्ड ब्रांच और करेंसी चेस्ट को 27 सितंबर को पूरी तरह ऑपरेशनल रखने की मंजूरी दी है।
आखिर क्यों हो रही है हड़ताल?
UFBU की मुख्य मांग फाइव-डे बैंकिंग वीक लागू करने की है। कर्मचारी चाहते हैं कि महीने के सभी शनिवार छुट्टी रहें। अभी बैंक दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं।
सरकार के मुताबिक परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इसके बाद 28-30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल में फाइव-डे वर्कवीक ही प्रमुख लंबित मांग बची है। इससे पहले 11 सितंबर को भी एक दिन की हड़ताल हुई थी।
यह भी पढ़ें:80% पर पहुंचा CD Ratio, फिर भी सेफ हैं बैंक; RBI बुलेटिन में पूरी तस्वीर
30 सितंबर को Half-Yearly Closing भी
हड़ताल की टाइमिंग इसलिए भी अहम है क्योंकि 30 सितंबर बैंकों की हाफ-इयरली क्लोजिंग का दिन है। इस दौरान रिकंसिलिएशन, प्रोविजनिंग और दूसरे फाइनेंशियल ऑपरेशन होते हैं। इसलिए तीन दिन की हड़ताल का ब्रांच ऑपरेशन पर सामान्य दिनों से ज्यादा असर पड़ सकता है।
जिन्हें महीने के आखिर में सैलरी मिलती है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारी अपनी कंपनी के HR या पेरोल डिपार्टमेंट से प्रोसेसिंग डेट की जानकारी ले सकते हैं। अगर ब्रांच से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो 27 सितंबर को निपटा लेना बेहतर रहेगा।
#BankStrike #BankStrike2026 #SalaryCredit #SeptemberSalary #BankHoliday #UFBU

