रुद्रप्रयाग: मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए केदारनाथ धाम की यात्रा शनिवार दोपहर से 27 सितंबर तक स्थगित कर दी गई है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह आदेश जारी किया। खराब मौसम के कारण शनिवार को केदारनाथ के लिए हेली सेवा भी संचालित नहीं हुई।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि उत्तराखंड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान में रेड अलर्ट दिया गया है। इसे देखते हुए देश-विदेश से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोकने का फैसला लिया गया है।
यह भी पढ़ें: गयाजी पितृपक्ष मेले में AI से निगरानी: बच्चों को QR बैंड, 75 हजार लोगों के ठहरने का मुफ्त इंतजाम
उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर तैनात सभी सेक्टर अधिकारी, चेकपोस्ट और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश का पालन सुनिश्चित करेंगे। यात्रियों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन के अनुसार, मौसम सामान्य होने और परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद केदारनाथ यात्रा दोबारा शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यात्रा शुरू होने को लेकर प्रशासन की ओर से अलग से सूचना जारी की जाएगी।

