रायसेन: जिला पंचायत वार्ड-3 के उपचुनाव से एक दिन पहले सालेरा और मऊ पथराई गांव के लोगों ने मतदान बहिष्कार का ऐलान किया है। खराब सड़क से नाराज ग्रामीणों ने ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ के नारे लगाए।
ग्रामीणों का कहना है कि रायसेन से सालेरा तक करीब 8 किलोमीटर लंबी प्रधानमंत्री सड़क खराब है। यह मऊपटराई और सालेरा पंचायतों को जोड़ती है, जिससे 40 से ज्यादा गांवों के लोगों का आना-जाना होता है।
मंजूरी हुई लेकिन काम नहीं हुआ
पूर्व सरपंच झलकन बैरागी ने बताया कि 2023 में सूंड-सालेरा मार्ग की मरम्मत मंजूर हुई थी, पर काम नहीं हुआ। सड़क पर बड़े गड्ढे हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। विधायक से मुख्यमंत्री तक आवेदन दिए गए, पर हल नहीं निकला।
ये भी पढ़ें: शाही मस्जिद विवाद में फिर पथराव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज; आंसू गैस छोड़ी
तीन लोगों की जान जा चुकी
सड़क की खराब हालत से तीन लोगों की जान जा चुकी है। इनमें विदिशा के दो युवक भी थे, जिनकी बाइक गड्ढे में आने के बाद बिजली के पोल से टकरा गई थी।
जिला पंचायत वार्ड-3 में 29 सितंबर को मतदान होना है। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि जब तक सड़क की मरम्मत शुरू नहीं होती, वे वोट नहीं डालेंगे।

