भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिनों में प्रदेश में भारी या अति भारी बारिश की संभावना नहीं है। सोमवार से बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगेंगी, जबकि मंगलवार से उज्जैन, इंदौर और ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज धूप का असर दिखाई देने लगेगा। आने वाले दिनों में प्रदेश के आधे से अधिक हिस्से में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
प्रदेश में इस मानसून सीजन अब तक 37.7 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य बारिश के मुकाबले 95.8 प्रतिशत है। सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा करने के लिए अब बहुत कम बारिश की जरूरत है। अगले तीन-चार दिनों में कहीं हल्की बारिश भी होती है तो प्रदेश सामान्य बारिश की श्रेणी में पहुंच सकता है। इसी के साथ मानसून की विदाई की उल्टी गिनती भी शुरू हो गई है।
48 घंटे की तेज बारिश के बाद थमा दौर
पिछले दिनों गहरे अवदाब के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में करीब 48 घंटे तक तेज बारिश हुई। कई स्थानों पर नदियों का जलस्तर बढ़ गया, जबकि जलाशयों के गेट भी खोलने पड़े। रविवार से मौसम प्रणाली कमजोर पड़ने लगी, जिसके बाद भारी बारिश का दौर थम गया।
भोपाल, इंदौर और जबलपुर समेत कई शहरों में रविवार को धूप-छांव की स्थिति बनी रही। अब बारिश की गतिविधियां कमजोर होने के साथ तापमान में बढ़ोतरी और धूप के तेवर तेज होने की संभावना है।
पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश बेहतर
प्रदेश के पूर्वी हिस्से में जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में औसत बारिश सामान्य से करीब 4 प्रतिशत अधिक है। हालांकि बालाघाट, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सागर और सिवनी में सामान्य से 2 से 20 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।
वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर रही। आलीराजपुर, अशोकनगर, बड़वानी, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 9 से 51 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।
इन जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
अनूपपुर, छतरपुर, डिंडौरी, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।

