बागपत: हिंदूवादी नेता साध्वी प्राची ने धार्मिक स्थलों को लेकर चल रही बहस के बीच बागपत में विवादित बयान दिया है। प्रसिद्ध परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पहुंचीं साध्वी प्राची ने कहा कि जमीन पर कब्जा कर बनाए गए सभी अवैध मस्जिद, मदरसे और मजारों पर बुलडोजर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि देशभर में खुदाई होगी तो कहीं शिव निकलेंगे और कहीं शव मिलेंगे।
उज्जैन से जुड़े मामले का जिक्र किया
साध्वी प्राची ने उज्जैन से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए कहा कि जिन धार्मिक स्थलों को लेकर अवैध कब्जे के आरोप हैं, उनकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने जमीन पर कब्जे के आरोप में बने निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
आमीन जमेई के बयान पर दी प्रतिक्रिया
सपा प्रवक्ता आमीन जमेई के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए साध्वी प्राची ने कहा कि इससे उनकी सोच सामने आती है। उन्होंने दावा किया कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार आती है तो मठ-मंदिरों के कागज तलाशने और उन पर बुलडोजर चलाने की बात कही जा रही है।
ये भी पढ़ें: उज्जैन शाही मस्जिद विवाद के बाद भोपाल में पुलिस अलर्ट
सनातनियों को एकजुट रहने की अपील
साध्वी प्राची ने सनातन समाज से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा,बंटोगे तो कटोगे, एक रहोगे तो सेफ रहोगे। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत से बनेगी। मंदिर में उन्होंने देश में शांति और अशांति फैलाने वालों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करने की बात भी कही।

