Tuesday, November 10, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsएमपी भाजपा कोर ग्रुप में 20 से ज्यादा मुद्दों पर मंथन, अब...

एमपी भाजपा कोर ग्रुप में 20 से ज्यादा मुद्दों पर मंथन, अब तय एजेंडे की होगी समीक्षा; सरकार-संगठन समन्वय पर जोर

भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा ने आने वाले महीनों के लिए सरकार और संगठन को एक साथ आगे बढ़ाने की रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है। बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई कोर ग्रुप की बैठक में 20 से अधिक मुद्दों पर चर्चा हुई। इनमें संगठन की आगामी गतिविधियां, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना, बूथ स्तर पर संगठन को और सक्रिय करना तथा सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा शामिल रही।

बैठक की अहमियत इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि नए प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और सह प्रभारी रेखा वर्मा की नियुक्ति के बाद यह पहली कोर ग्रुप बैठक थी। दोनों नेताओं ने अपने पहले प्रदेश दौरे में संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ संवाद के अलावा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से भी संपर्क किया।

सरकार के काम और संगठन के फीडबैक पर चर्चा

बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकार के जनकल्याण और विकास कार्यों की जानकारी दी। वहीं, संगठन की आगामी गतिविधियों और कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में यह भी चर्चा हुई कि आने वाले समय में पार्टी किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार की योजनाओं की जानकारी संगठन के माध्यम से किस तरह प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाई जाएगी। कोर ग्रुप के सदस्यों ने अपने क्षेत्रों और संगठनात्मक स्तर से मिले फीडबैक के आधार पर सुझाव भी रखे।

अब फैसलों पर होगी प्रगति की समीक्षा

बैठक में हुई चर्चा को केवल तत्काल फैसलों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। बुधवार को तय प्राथमिकताओं और सुझावों की प्रगति की समीक्षा आने वाली कोर ग्रुप बैठकों में की जाएगी। यानी अब यह भी देखा जाएगा कि बैठक में तय एजेंडे पर जमीन पर कितना काम हुआ।

भाजपा के सामने एक ओर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की चुनौती है, तो दूसरी ओर संगठन को बूथ स्तर तक लगातार सक्रिय रखने की जरूरत है। बैठक में दोनों के बीच बेहतर समन्वय और लगातार संवाद पर जोर दिया गया। पार्टी के स्तर पर जनसेवा के कामों को संगठन के जरिए विस्तार देने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

कोर ग्रुप की बैठक में ये नेता रहे मौजूद

बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और सह प्रभारी रेखा वर्मा मौजूद रहे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला भी बैठक में शामिल हुए।

इसके अलावा कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल और संपतिया उइके, सांसद विष्णुदत्त शर्मा, फग्गन सिंह कुलस्ते और लता वानखेड़े तथा आंध्रप्रदेश के प्रदेश प्रभारी अरविंद भदौरिया ने भी बैठक में हिस्सा लिया।


RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन