भोपाल: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। राहुल गांधी ने गुरुवार को बालाघाट के जगला गांव पहुंचकर मृत आदिवासी बच्चों के परिवारों से मुलाकात की और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कांग्रेस पर पलटवार किया।
खंडेलवाल बोले- कांग्रेस अपने शासनकाल का भी जवाब दें
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी बालाघाट आ रहे हैं तो उनका स्वागत है, लेकिन उन्हें वर्तमान पर सवाल उठाने के साथ कांग्रेस के शासनकाल के अतीत का भी जवाब देना चाहिए।
खंडेलवाल ने बालाघाट में नक्सलवाद का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि यहां नक्सलवाद किसके शासनकाल में पनपा था। उन्होंने कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे लिखीराम कांवरे की नक्सलियों द्वारा हत्या का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या राहुल गांधी कभी उनके परिवार के साथ बैठे और उनकी पीड़ा समझने का प्रयास किया।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में बालाघाट में नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई के साथ विकास कार्यों को भी आगे बढ़ाया गया है। दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, स्कूल, स्वास्थ्य और दूसरी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी केवल सवाल पूछने के लिए बालाघाट न आएं, बल्कि यह भी बताएं कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में नक्सलवाद और आदिवासी क्षेत्रों की समस्याओं को दूर करने के लिए क्या कदम उठाए थे।
बिप्लब देब ने भी कांग्रेस से मांगा हिसाब
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और मध्य प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने भी राहुल गांधी के दौरे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बालाघाट में स्वागत है, लेकिन आदिवासी समाज के बीच जाकर उन्हें कांग्रेस के लंबे शासनकाल के कामों का हिसाब भी देना चाहिए।
देब ने कहा कि जिन समस्याओं को लेकर राहुल गांधी आज भाजपा सरकार से सवाल पूछ रहे हैं, उन समस्याओं को दूर करने के लिए कांग्रेस ने अपने शासन के दौरान क्या किया, यह भी जनता के सामने रखा जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें: बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत पर गरमाई सियासत, राहुल गांधी ने सरकार से पूछे सवाल?
संगठन और सरकार के तालमेल पर भी हुई चर्चा
इस बीच भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में दो दिनों तक संगठनात्मक बैठकों का दौर चला। इनमें बिप्लब कुमार देब, प्रदेश सह-प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
देब ने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर लगातार काम करने को कहा गया है।
बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत के मामले को लेकर अब कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। राहुल गांधी ने जहां स्वास्थ्य सुविधाओं और आदिवासी परिवारों की स्थिति को लेकर सरकार को घेरा है, वहीं भाजपा ने कांग्रेस के पुराने शासनकाल और नक्सलवाद का मुद्दा उठाकर जवाब मांगा है।

