मुंबई: अभिनेता प्रकाश राज एक बार फिर अपने राजनीतिक बयान को लेकर चर्चा में हैं। गांधी जयंती के मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर Cockroach Janta Party (CJP) के आंदोलन का समर्थन किया। साथ ही Special Intensive Revision (SIR) और चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए।
प्रकाश राज ने वीडियो की शुरुआत गांधी जयंती की शुभकामनाओं से की। इसके बाद उन्होंने SIR को लेकर अपनी चिंता जाहिर की और देश के युवाओं व सिविल सोसाइटी से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील की।
ज्ञानेश कुमार को लेकर कही बड़ी बात
वीडियो में प्रकाश राज ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “गणेश जी का विसर्जन हो गया, लेकिन ज्ञानू का बाकी है।” उनके इस बयान की सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।
प्रकाश राज ने CJP के साथ प्रदर्शन कर रहे युवाओं का समर्थन करते हुए लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील भी की। हालांकि SIR को लेकर प्रदर्शनकारियों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों से चुनाव आयोग सहमत नहीं है। आयोग का कहना है कि मतदाता सूची के संशोधन का उद्देश्य गलत, डुप्लीकेट और अयोग्य प्रविष्टियों को हटाना है।
मुंबई से CJP का देशव्यापी आंदोलन
CJP ने गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर से अपना देशव्यापी आंदोलन शुरू किया है। मुंबई में शिवाजी पार्क के पास प्रदर्शन रखा गया है। संगठन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, SIR से जुड़े फैसलों पर सवाल और चुनावी प्रक्रिया में ज्यादा पारदर्शिता की मांग कर रहा है।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने इस आंदोलन को अलग-अलग शहरों तक ले जाने की बात कही है। मुंबई के बाद अन्य शहरों में प्रदर्शन करने और अक्टूबर के आखिर में दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन करने की योजना है।
मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद CJP ने ‘जेल भरो आंदोलन’ करने की बात कही थी।
यह भी पढ़: भागवत बोले- धर्म संकट में आया तो देश भुगतेगा खामियाजा: धर्म और राष्ट्र एक-दूसरे पर निर्भर
विशाल ददलानी ने भी किया समर्थन
प्रकाश राज के अलावा संगीतकार विशाल ददलानी ने भी आंदोलन के समर्थन में सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी है। आंदोलन में शामिल लोग मतदाता सूची और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
2 अक्टूबर को मुंबई के साथ दिल्ली में भी इस मुद्दे को लेकर गतिविधियां देखने को मिली हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में CJP का आंदोलन दूसरे शहरों में किस तरह आगे बढ़ता है, इस पर नजर रहेगी।

