धार/धामनोद: नगर की समस्याओं और नगर परिषद के कामकाज को लेकर धरमपुरी से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर ने मोर्चा खोल दिया है। विधायक ने 9 अक्टूबर 2026 से केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर के निवास के बाहर अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल करने का ऐलान किया है। विधायक का आरोप है कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद नगर की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
नगर परिषद पर भ्रष्टाचार के आरोप
विधायक कालू सिंह ठाकुर ने नगर परिषद की सीएमओ माया मंडलोई पर भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि नगर की समस्याओं को लेकर पूर्व और वर्तमान कलेक्टर, पुलिस अधिकारियों, एसडीएम और तहसीलदार को कई बार लिखित शिकायतें दी गईं। कुछ मामलों में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
विधायक का कहना है कि जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने इसे नगर के हित में उठाया गया कदम बताया है।
यह भी पढ़ें: भागीरथपुरा दूषित जलकांड: जांच रिपोर्ट सामने आते ही कांग्रेस ने पीड़ित परिवारों से किया संपर्क
सावित्री ठाकुर बोलीं- स्थानीय मामलों से मेरा लेना-देना नहीं
वहीं केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने स्थानीय विवाद से खुद को अलग करते हुए कहा कि नगर परिषद और स्थानीय प्रशासन के कामकाज से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई मामला केंद्र सरकार की योजना या केंद्रीय स्तर से जुड़ा होगा तो वह जनता के हित में जरूर हस्तक्षेप करेंगी।
विधायक के बंगले के बाहर धरना देने के ऐलान पर सावित्री ठाकुर ने गुटबाजी या मनमुटाव की बात को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि विधायक उनके बंगले पर आते हैं तो उनका स्वागत है। दोनों साथ बैठकर उनकी समस्या पर चर्चा कर सकते हैं।
भाजपा विधायक के इस ऐलान के बाद क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है। अब सबकी नजरें 9 अक्टूबर पर हैं, जब विधायक केंद्रीय मंत्री के निवास के बाहर धरना शुरू करेंगे।

