उज्जैन: गोपाल मंदिर की पुरानी शाही मस्जिद विवाद में अब सियासी हलचल भी तेज हो गई है। भोपाल मध्य से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद शनिवार शाम अचानक उज्जैन पहुंचे और पुलिस कंट्रोल रूम में कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा से बंद कमरे में लंबी मुलाकात की। मुलाकात के बाद विधायक मसूद ने मीडिया से बातचीत में कई बड़े बयान दिए हैं। आरिफ मसूद ने कहा, ‘शाही मस्जिद के पूर्व सदर अरशद भाई से मेरा काफी पुराना नाता रहा है। जिस दिन उनकी मौत हुई, मैं दिल्ली में था, इसलिए नहीं आ पाया था। आज उनके परिजनों से मिलने आया था।’
उन्होंने कहा कि मस्जिद के नीचे दुकानें थीं और ऊपर का हिस्सा हटना था, लेकिन इस दौरान मीनार अचानक कैसे गिर गया? इसकी निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए। यही बात मैंने कलेक्टर और एसपी साहब से कही है।’
विधायक ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए?
उन्होंने, कहा कि मुस्लिम युवकों की अंधाधुंध धरपकड़ की शिकायतें लगातार फोन पर मिल रही हैं। इस पर रोक लगनी चाहिए। पहले सीसीटीवी फुटेज देखे जाएं और जिनके खिलाफ एफआईआर है, सिर्फ उन्हें पकड़ा जाए।
प्रशासन से मांग की कि मीनार गिरने से मस्जिद का जो हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, उसे जल्द से जल्द दोबारा बना दिया जाए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।
एआईएमआईएम से लेकर शहर काजी तक, सबको दी नसीहत
आरिफ मसूद ने मुस्लिम समाज और नेताओं से भी संयम की अपील की। उन्होंने कहा, ‘मेरा मुस्लिम समाज के युवकों से कहना है कि यह समय संयम बरतने का है। एक-दूसरे पर आरोप न लगाएं, न लड़ें। कमेटियां भी आरोप-प्रत्यारोप बंद करें।’ उन्होंने कहा कि उज्जैन एक अच्छा शहर है, जहां गंगा-जमुनी तहजीब के साथ हर त्योहार मनाया जाता है। ओवैसी की पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हों या कोई और, सबको बयानबाजी से बचना चाहिए, जिससे शहर का माहौल खराब न हो।
शहर काजी के घर पर पथराव को गलत बताते हुए आरिफ मसूद ने कहा, ‘मैं चाहूंगा कि काजी साहब उन लोगों को माफ कर दें और वे लोग भी काजी साहब से माफी मांग लें। मिस कम्युनिकेशन के कारण हालात बने। काजी साहब अपनी बात लोगों तक सही तरीके से नहीं पहुंचा पाए।’ उन्होंने यह भी कहा कि पहले हमें तय करना होगा कि हमें सियासत करनी है या मजहब की हिफाजत की बात करनी है।
राजनीतिक बयानबाजी पर भी नाराजगी
आरिफ मसूद ने कहा कि इस समय टीका-टिप्पणी से लोगों की परेशानी बढ़ेगी। उन्होंने कहा, “पहले तो यह तय कर लें, हम लोग सियासत करना चाहते हैं या मजहबी बात कर रहे हैं। अगर हम मस्जिद की, इबादत की हिफाजत के लिए बात कर रहे हैं तो टीका-टिप्पणी बंद होना चाहिए।
उन्होंने AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष की ओर से शहर काजी को लेकर की गई टिप्पणी के सवाल पर भी कहा कि मौजूदा हालात में सभी को परेशानियां कम करने की कोशिश करनी चाहिए और टीका-टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।
मसूद बोले- बेवजह किसी को न पकड़ा जाए
मसूद ने पुलिस कार्रवाई को लेकर कहा कि उनके पास कई परिवारों के फोन आ रहे हैं। उन्होंने पुलिस से कहा है कि भीड़ में खड़े होने मात्र के आधार पर लोगों को न पकड़ा जाए और फुटेज देखकर कार्रवाई की जाए।
उनके अनुसार, उन्होंने एसपी से कहा है कि ‘जो एफआईआर हुई है, उसके अलावा बेवजह किसी को न पकड़ा जाए।’ मसूद ने यह भी कहा कि प्रशासन ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि अब लोगों के घर जाकर धमकाने जैसी शिकायतें नहीं आएंगी।
यह भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उद्धव-राज ठाकरे का शक्ति प्रदर्शन, मुंबई में हजारों लोगों के साथ निकाला मार्च
ठग बारकोड जारी करके मांग रहे मस्जिद के नाम पर चंदा न दें
इस पूरे मामले को ठगों ने भुनाने की कोशिश की है। मैसेज दिया जा रहा है कि मस्जिद को दोबारा बनवाने के लिए चंदा दीजिए। सोशल मीडिया पर बारकोड जारी किए जा रहे हैं। कुछ लोग घर-घर जाकर कैश भी ऐंठ रहे हैं।
खबर मस्जिद कमेटी तक पहुंची तो एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें कहा कि ये फ्रॉड है। इसमें लोगों को सतर्क करते हुए चंदा नहीं देने की अपील की गई है।

