नई दिल्ली: एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर के एक बैच को जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने उसे बाजार से वापस मंगाने का आदेश दिया है। जांच में इसमें दो कीटनाशकों के अवशेष निर्धारित अधिकतम सीमा से ज्यादा मिले।
गोवा के एक रिसॉर्ट से लिए गए सैंपल की पहली जांच में एजॉक्सीस्ट्रोबिन और थियामेथोक्सम की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई। कंपनी की अपील के बाद सैंपल को रेफरल खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया, जहां दोबारा जांच में भी यही नतीजा सामने आया। इसके बाद सैंपल को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत ‘अनसेफ’ घोषित किया गया।
बैच E080668761 वापस लेने के निर्देश
FSSAI ने बैच नंबर E080668761 को तत्काल बाजार से हटाने का निर्देश दिया है। कंपनी को रिकॉल की प्रक्रिया का रिकॉर्ड रखने, इसकी स्थिति रिपोर्ट जमा करने और भविष्य में ऐसी समस्या रोकने के लिए सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें: ‘दृश्यम 3’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान, तीसरे दिन 149 करोड़ के पार पहुंची फिल्म
क्रिएटिव बेकर्स का लाइसेंस निलंबित
एक अलग मामले में FSSAI ने क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निरीक्षण के दौरान उत्पादन क्षेत्र में गंदगी, धूल, ग्रीस, मकड़ी के जाले और मक्खियां मिलीं। कच्चा माल खुले में रखा था और जंग लगे कंटेनरों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
परिसर में कीट नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। इसके अलावा कचरा, पुराना और रिजेक्टेड स्टॉक, जंग लगे उपकरण, सीलन और टूटी फर्श की टाइल्स जैसी खामियां भी मिलीं। खाद्य और पानी की जांच, तापमान निगरानी, उपकरण रखरखाव, कर्मचारियों की ट्रेनिंग और ऑडिट से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे।
इन खामियों के चलते बेकरी को लाइसेंस निलंबन की अवधि में सभी खाद्य कारोबार गतिविधियां बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

