इंदौर । इंदौर के पढ़रीनाथ थाना क्षेत्र में कलेक्टर चौराहे पर मंगलवार को चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में कार आग का गोला बन गई। कार में सवार ड्राइवर समेत तीन से चार लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि कलेक्टर चौराहे से गुजर रही कार में अचानक धुआं निकलने लगा। ड्राइवर ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल कार को सड़क किनारे रोका। इसके बाद कार में सवार सभी लोग तेजी से बाहर निकल गए। उनके बाहर निकलते ही कार में आग भड़क उठी और तेज लपटों ने देखते ही देखते पूरे वाहन को घेर लिया।
कुछ ही मिनटों में कार जलकर खाक
कार में आग लगने के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
प्रारंभिक तौर पर कार की वायरिंग में फॉल्ट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
समय रहते बाहर निकले, टला बड़ा हादसा
घटना के दौरान कार में तीन से चार लोग सवार बताए जा रहे हैं। ड्राइवर ने धुआं दिखाई देने के बाद जिस तरह तत्काल वाहन रोककर सभी को बाहर निकाला, उससे बड़ा हादसा टल गया। यदि कार को समय रहते नहीं रोका जाता तो आग तेजी से फैलने के कारण स्थिति गंभीर हो सकती थी।
इंदौर में पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि कार में आग लगने के बाद दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। इंदौर में चलती कार में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। इनमें इलेक्ट्रिक कारों में आग लगने की घटनाएं भी शामिल रही हैं।

