अयोध्या: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय आज अपना जन्मदिन मनाने काशी से रामनगरी अयोध्या पहुंचे। अयोध्या पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।रामलला के दर्शन के बाद अजय राय हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान हनुमंत लला का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना की।
2027 में सरकार बनाने का दावा किया
अजय राय ने कहा कि जन्मदिन के मौके पर रामनगरी आकर भगवान राम के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनता की सेवा करना और लगातार लोगों के बीच बने रहना है।
अयोध्या दौरे के दौरान अजय राय ने कांग्रेस संगठन और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कांग्रेस को मजबूत करने और 2027 में सरकार बनाने का दावा किया। साथ ही कहा, गठबंधन को लेकर फैसला पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा।
वह पार्टी के हर फैसले का सम्मान करते हैं
प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय राय ने कहा कि यह पूरी तरह से कांग्रेस पार्टी और नेतृत्व का निर्णय है। पार्टी ने उन्हें जितना समय और जो जिम्मेदारी दी, उन्होंने पूरी ताकत, निष्ठा और ईमानदारी के साथ उसका निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के हर फैसले का सम्मान करते हैं और आगे भी पार्टी के एक सिपाही के तौर पर कांग्रेस को मजबूत करने का काम करते रहेंगे। आज व्यक्तिगत विषय से ऊपर उठकर देश और राष्ट्र की बात करने की जरूरत है और उनका पूरा ध्यान कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर है।
ये भी पढ़ें:कोहली का बड़ा बयान- 5 करोड़ रुपए लेकर प्रेमानंदजी के दर्शन’ का दावा झूठा,श्रद्धा से जाता हूं आश्रम
कांग्रेस पार्टी लगातार मजबूत हो रही
वहीं 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अजय राय ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में लगातार मजबूत हो रही है, कार्यकर्ताओं में नया जोश है और जनता का भरोसा कांग्रेस की तरफ लौट रहा है। 2027 में कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ेगी और प्रदेश में सरकार बनाएगी। गठबंधन को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन पर अंतिम निर्णय कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व लेगा, फिलहाल सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में पूरी मजबूती से पार्टी को मजबूत करने में लगे हुए हैं।

