वांशिगटन :अमेरिका में चीन के लिए जासूसी के आरोप में एक महिला की गिरफ्तारी से हड़कंप मच गया है। FBI ने लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट से 34 साल की महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने चीन सरकार के लिए काम करते हुए ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते के बेटे की निगरानी की और उसकी तस्वीरें और वीडियो चीन तक पहुंचाए।
महिला की पहचान वैनयिंग झांग के रूप में हुई
अमेरिकी जांच एजेंसी FBI के मुताबिक गिरफ्तार महिला की पहचान वैनयिंग झांग के रूप में हुई है। वह कैलिफोर्निया के इरविन शहर में रियल एस्टेट एजेंट के तौर पर काम करती है।
FBI ने झांग को उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह लॉस एंजिल्स से शंघाई जाने वाली फ्लाइट पकड़ने की तैयारी में थी। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि वह एक विदेशी सरकार के लिए काम कर रही थी और इसी दौरान ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते के बेटे की निगरानी की गई।
जांच एजेंसी के अनुसार, महिला ने राष्ट्रपति के बेटे से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए और कथित तौर पर इन्हें चीन तक पहुंचाया।
जांच एंजेंसी के आरोप
जांच एजेंसी का आरोप है कि दोनों ने घर और वहां आने वाले लोगों की तस्वीरें और वीडियो बनाए। पड़ोसी के सुरक्षा कैमरे की फुटेज में भी दोनों को कैमरे से रिकॉर्डिंग करते हुए देखा गया था।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, झांग ने इस दौरान चीन के एक सरकारी अधिकारी को वीचैट पर जानकारी भेजी। FBI के मुताबिक, उसने बताया कि उसने टिंग-यू को देख लिया है और उसका वीडियो बना रही है। उसने दो गाड़ियों के नंबर भी भेजे थे।
चीनी अधिकारी से मिलने गई थी महिला
झांग जून में चीन के चांगशा शहर गई थी। वहां उसने एक निजी कमरा बुक किया, जहां उसकी चीनी अधिकारी से मुलाकात हुई। FBI के मुताबिक, अधिकारी ने उसे निगरानी से जुड़ा काम दिया था।
जांच एजेंसी का कहना है कि इसके बाद झांग ने मैसेज भेजकर कहा था कि वह यह काम संभाल लेगी।
कुछ समय बाद उसने अधिकारी को बताया कि वह अगले हफ्ते सिएटल जा सकती है। इसके बाद ही सितंबर 2025 में वह अपने साथी के साथ सिएटल गई और राष्ट्रपति के बेटे के घर की निगरानी की।

