Friday, October 9, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ पैदल मार्च, जीतू पटवारी...

भोपाल में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ पैदल मार्च, जीतू पटवारी बोले- मतदान के अधिकार के लिए जारी रहेगा संघर्ष

भोपाल: दिल्ली में निर्वाचन आयोग से जवाब मांगने जा रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया गठबंधन के सांसदों को रोके जाने और हिरासत में लिए जाने के विरोध में गुरुवार को भोपाल में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ पैदल मार्च निकाला गया। कांग्रेस ने इस दिन को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाते हुए केंद्र सरकार और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विरोध जताया।

यह पैदल मार्च व्यापम चौराहे से शुरू होकर बोर्ड ऑफिस चौराहे पर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचा। मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान नेताओं ने संविधान, लोकतंत्र और मतदान के अधिकार की रक्षा की बात कही।

चुनाव आयोग को देना चाहिए सवालों का जवाब- जीतू पटवारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मिलने जा रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और विपक्षी सांसदों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में काला दिवस मनाया है।

उन्होंने कहा कि देश में मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इन सवालों का जवाब निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार को देना चाहिए। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठा रही है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा।

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी से लेकर संविधान निर्माण और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता से जुड़े सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

हमारा संघर्ष संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए

जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के वोट के अधिकार की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसा भारत चाहती है, जहां नफरत की जगह प्रेम, विभाजन की जगह भाईचारा और सत्ता के दबाव की जगह संविधान को महत्व मिले।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।

यह भी पढ़ें: सौतेली बेटी का गला काटकर हत्या की कोशिश करने वाले पिता को 7 साल की सजा, डीएनए रिपोर्ट बनी अहम सबूत

पैदल मार्च में शामिल हुए कांग्रेस के कई बड़े नेता

प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, विधायक आरिफ मसूद, विधायक आतिफ अकील, कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक और संगठन महामंत्री संजय कामले सहित कई नेता शामिल हुए।

इसके अलावा महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, एनएसयूआई अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल, जेपी धनोपिया, अरुण श्रीवास्तव, भोपाल शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल और जिला संगठन महामंत्री अभिषेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब मिलने तक पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराती रहेगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

4 October to 10 October 2026
27 SEPTEMBER TO 3 OCTOBER 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन