नई दिल्ली: 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ेगा। भीड़ और जाम की आशंका को देखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों पर आने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की हैं।
जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच दोनों स्टेशनों पर पहुंचने वाली ट्रेनें प्रभावित होंगी। वहीं 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली कुछ ट्रेनें भी रद्द की गई हैं।
राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें प्रभावित
रेलवे की ओर से सामने आई जानकारी में ट्रेन संख्या 12301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस और 12313 सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को 9 अक्टूबर के लिए रद्द किए जाने की बात कही गई है।
इसके अलावा मुंबई से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली ट्रेन संख्या 22221 राजधानी एक्सप्रेस भी रद्द किए जाने की सूचना है। यह ट्रेन भोपाल होकर गुजरती है, इसलिए भोपाल से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी परेशानी हो सकती है।
57 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का प्रस्ताव
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने का प्रस्ताव दिल्ली मेट्रो रेल निगम को भेजा है। प्रस्ताव के अनुसार, 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से स्थिति सामान्य होने तक यह व्यवस्था लागू की जा सकती है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला DMRC को लेना है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को हुए प्रदर्शन के दौरान दिल्ली की कई सड़कों पर लंबा जाम लग गया था। इसके कारण हजारों यात्री समय पर रेलवे स्टेशन नहीं पहुंच पाए और उनकी ट्रेनें छूट गईं। इसी तरह की परेशानी दोबारा न हो, इसलिए पहले से तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में जोरदार उछाल, सेंसेक्स 700 अंक चढ़ा; निफ्टी में 250 अंकों की तेजी
यात्रियों को यात्रा से पहले जानकारी लेने की सलाह
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रोजाना करीब चार लाख यात्रियों की आवाजाही होती है। ऐसे में प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित होने से बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी हो सकती है।
रेलवे यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। हालांकि, सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के रद्द होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन 139 से जानकारी ले सकते हैं।

