मुंबई: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन का असर मुंबई में भी देखने को मिला। शनिवार को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान सहित कई इलाकों में प्रदर्शन करने पहुंचे लोगों पर पुलिस ने कार्रवाई की। रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान 300 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। इनमें बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान भी शामिल रहे।
इमरान खान के साथ उनकी गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री लेखा वॉशिंगटन भी मौजूद थीं। दोनों का पुलिस वैन से एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इमरान बोले नागरिक बनकर आया हूं
उन्होंने कहा, कि वह यह समझने आए थे कि लोगों की आवाजाही पर रोक क्यों लगाई जा रही है और प्रदर्शन कर रहे लोगों को क्यों रोका जा रहा है।
इमरान ने कहा कि उनकी कोई व्यक्तिगत मांग नहीं है और वह किसी संगठन से जुड़े हुए भी नहीं हैं। वह केवल उन लोगों का समर्थन करने आए हैं, जो अपनी बात रखने के लिए सड़कों पर उतरे हैं।
इमरान खान बोले- लगता है आज जेल भी जाना पड़ेगा
हिरासत में लिए जाने के बाद इमरान खान का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह पुलिस वैन में दूसरे प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत करते नजर आए। इस दौरान एक प्रदर्शनकारी ने उनसे पूछा कि क्या वह कभी जेल गए हैं। इस पर इमरान ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया कि अभी तक तो नहीं गए, लेकिन लगता है आज जाना पड़ेगा।
जब उनसे पूछा गया कि क्या कभी उनकी पिटाई हुई है, तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि अभी तक ऐसा नहीं हुआ, लेकिन शायद आज यह भी हो जाए।
छात्रों को हिरासत में लेने पर जताई चिंता
इमरान खान ने हिरासत में लिए गए दूसरे प्रदर्शनकारियों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केवल उन्हें ही नहीं, बल्कि कई छात्रों और दूसरे लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
अभिनेता के मुताबिक, वह देश के उन नागरिकों के साथ खड़े होने आए हैं, जो अपनी आवाज उठाना चाहते हैं। उन्होंने बिना स्पष्ट कारण बताए लोगों को हिरासत में लिए जाने पर सवाल उठाए। वहीं, पुलिस वैन में मौजूद लेखा वॉशिंगटन भी वीडियो में यह कहती नजर आई कि उन्हें नहीं पता कि पुलिस उन्हें कहां लेकर जा रही है।
यह भी पढ़ें: CJP प्रदर्शन के समर्थन में उतरे फिल्मी सितारे, अनुराग कश्यप और प्रकाश राज ने सरकार पर उठाए सवाल?
दिल्ली से मुंबई तक प्रदर्शन की चर्चा
कॉकरोच जनता पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है।
दिल्ली के साथ मुंबई में भी प्रदर्शन की खबरें सामने आई हैं। फिल्म जगत से अनुराग कश्यप, प्रकाश राज और वरुण ग्रोवर सहित कई कलाकारों ने प्रदर्शन के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दी है। इमरान खान के हिरासत में लिए जाने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर और चर्चा में आ गया है। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई और आगे की पुलिस कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

