नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी मांगों को लेकर हो रहे इस प्रदर्शन के समर्थन में अब फिल्म जगत के कई जाने-माने चेहरे भी सामने आए हैं। फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप, अभिनेता प्रकाश राज, लेखक वरुण ग्रोवर और लोकगायिका नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार से सवाल किए हैं।
अनुराग कश्यप ने पोस्ट के जरिए साधा निशाना
फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘दो डरपोक, 40 हजार गुलाम, लाखों बहादुर।’ उनकी इस पोस्ट को मौजूदा प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है।
इसके बाद उन्होंने एक और पोस्ट में वोट, संविधान और नागरिक अधिकारों का जिक्र करते हुए सरकार पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा। उनकी दोनों पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
प्रकाश राज बोले- आवाज को गिरफ्तार नहीं कर सकते
अभिनेता प्रकाश राज ने भी CJP के प्रदर्शन का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि पुलिस और सुरक्षा बल लोगों की आवाज को गिरफ्तार नहीं कर सकते।
उन्होंने अपनी पोस्ट में सवाल किया कि आखिर कब तक नदी के बहाव को रोका जा सकता है। उनके इस बयान को विरोध प्रदर्शन करने वालों के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।
वरुण ग्रोवर और नेहा सिंह राठौर ने भी उठाए सवाल?
लेखक और गीतकार वरुण ग्रोवर ने भी प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यंग्य किया।
वहीं लोकगायिका नेहा सिंह राठौर ने प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती पर सवाल उठाए। उन्होंने पहलगाम और मणिपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार से पूछा कि वहां ऐसी सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं की गई थी।
यह भी पढ़ें: पनामा में 7.7 तीव्रता का भूकंप, दूसरा झटका भी आया; इमारतें गिरने की खबर
इमरान खान को हिरासत में लेने की खबर
सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता इमरान खान मुंबई में CJP के समर्थन में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ हिरासत में लिया।
इमरान खान ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि वह किसी संगठन का प्रतिनिधित्व करने नहीं आए हैं और न ही उनकी कोई व्यक्तिगत मांग है। वह केवल एक नागरिक के तौर पर प्रदर्शन में शामिल हुए हैं।

