बालाघाट: अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलन के तहत शनिवार शाम 6 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय, बालाघाट से स्कूटर रैली निकाली गई। रैली मेन रोड, काली पुतली एवं अंबेडकर चौक होते हुए हनुमान चौक पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए केंद्र सरकार के रवैये के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली जाने वाले लोगों की आवाजाही बाधित किए जाने और इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने की खबरें बेहद चिंताजनक हैं। यदि अपने अधिकारों की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने जा रहे लोगों को रोकने के लिए इस तरह के कदम उठाए जाते हैं, तो यह लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है। कांग्रेस पार्टी ऐसे रवैये की कड़ी निंदा करती है।
श्याम पंजवानी ने कहा कि युवाओं के साथ-साथ राहुल गांधी और सांसदों के साथ जिस प्रकार की बर्बरता किए जाने और पुलिस के माध्यम से उनकी आवाज दबाने के आरोप सामने आए हैं, वे बेहद चिंताजनक हैं। एक ओर जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों को पुलिस कार्रवाई के जरिए रोकने और दबाने का प्रयास किया जाता है, वहीं दूसरी ओर ज्ञानेश कुमार को जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान किए जाने की बात सामने आती है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह कैसा लोकतंत्र है, जहां युवाओं और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की आवाज दबाने के आरोप लग रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर सुरक्षा के अलग-अलग मापदंड दिखाई देते हैं यह लोकतांत्रिक अधिकारों पर प्रहार और लोकतंत्र का गला दबाने जैसा है।
सरकार को समझना चाहिए कि राहुल गांधी, सांसदों और युवाओं की आवाज दबाकर जनता के सवालों को खत्म नहीं किया जा सकता।

पंजवानी ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार जनता के सवालों का जवाब देने के लिए होती है, न कि जनता की आवाज दबाने के लिए। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों का लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार को विरोध करने वालों की बात सुननी चाहिए और उठाए जा रहे सवालों का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि सत्ता के बल पर जनआवाज को दबाने की कोशिश किसी भी सरकार के लिए घातक साबित हो सकती है। यदि सरकार इसी तरह लोकतांत्रिक विरोध को कुचलने का प्रयास करती रही, तो उसे जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक अपना संघर्ष जारी रखेगी।
श्याम पंजवानी ने बताया कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर स्कूटर एवं साइकिल रैलियां आयोजित की जा रही हैं। बालाघाट में निकाली गई रैली भी इसी आंदोलन की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जारी रहेगा संघर्ष
जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अनूप सिंह बैस ने कहा कि यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से प्रचलित एक कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि जब कुत्ता चोर को देखकर भौंकना बंद कर दे, तो समझ लेना चाहिए कि कहीं न कहीं चोर और कुत्ते के बीच मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि यह कथन लोकतंत्र में सजगता, जवाबदेही और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की आवश्यकता को दर्शाता है।
बैस ने कहा कि लोकतंत्र के इस मंदिर और भारत के संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी हमेशा तत्परता के साथ खड़ी है। लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने वाले किसी भी प्रयास के खिलाफ कांग्रेस अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी अपने राजनीतिक मूल्यों से लगातार गिरती जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जनता के साथ मिलकर संघर्ष करते रहेंगे।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे उपस्थित

स्कूटर रैली एवं विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अनूप सिंह बैस, शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम पंजवानी, कैलाश साहू, जावेद अली, जीतू बर्वे, अफरोज खान, राम सिंह भाटिया, डॉ. मुकेश वरकड़े, डॉ. अमर बिसेन, शमीम सिद्दीकी, छविराम नागेश्वर, संतोष बाहेश्वर, शब्बीर पटेल, मयूर मोटवानी, निखिल गौतम, महेश सहारे, धर्मेंद्र कुरील, शानू राय, जुबेदा अंसारी, डॉ. दुर्गा वरकड़े, सीमा सिंह, प्रकाश मदनकर, मुकेश माहुले, रिजवान खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

