रतलाम: डीडीनगर थाने के बाहर दो बहनों ने आत्महत्या की कोशिश कर हड़कंप मचा दिया। बीच-बचाव करने पहुंचा एक पुलिसकर्मी फिसल कर घायल हो गया। वहीं, लड़कियों से आत्महत्या में इस्तेमाल सामान छीनने के दौरान थाना प्रभारी को भी चोंट आई हैं। इस पूरी घटना का एक वीडियो सामने आया है जिसमें थाने के बाहर लड़कियां आत्महत्या की कोशिश करती नजर आ रही हैं।
पड़ोसी से विवाद पर नहीं हुई कार्रवाई, भड़की बहनें
बताया जा रहा है कि, इन दोनों बहनों का पड़ोस में रहने वाले परिवार से विवाद हो गया था, जिसकी शिकायत दर्ज करवाने के लिए वह पहुंची थी। लेकिन दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने से नाराज लड़कियों ने थाने के बाहर जमकर हंगामा किया। हालांकि वीडियो बनाने वाला शख्स दोनों लड़कियों को आत्महत्या के लिए उकसा रहा था। लेकिन समय रहते थाने पर मौजूद पुलिस कर्मियों और थाना प्रभारी अनुराग यादव ने लड़कियों को गलत कदम उठाने से रोक लिया।
बीच बचाव के दौरान पुलिसकर्मी घायल
घटना के दौरान पुलिसकर्मी दौड़कर आते हैं। जिसमें से एक पुलिसकर्मी फर्श पर फिसल कर नीचे गिर जाता है। हालांकि इन लड़कियों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले लोगों से वह बहुत परेशान हो गई हैं और थाने पर उनकी सुनवाई नहीं की जा रही।
मामले में थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि, विवाद के बाद थाने पहुंचे दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है। लड़कियों के द्वारा आत्महत्या करने का प्रयास किया जा रहा था। जिस पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। बहरहाल इस घटना के सामने आए वीडियो को बनाने वाले शख्स की तलाश दीनदयाल नगर थाना पुलिस कर रही है। जो वीडियो बनाते हुए लड़कियों को गलत कदम उठाने के लिए कह रहा था। वहीं, दीनदयाल नगर थाना पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के मामले में 8 अक्टूबर को ही शिकायत मिलने पर प्रकरण दर्ज कर लिया था।

