मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में पैपराजी के काम करने के तरीके पर सवाल उठाए हैं? रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के दौरान सलमान ने दावा किया कि कुछ एक्ट्रेसेस खुद पैपराजी को पैसे देकर पीछे से अपनी तस्वीरें खिंचवाती हैं। हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि जो अभिनेत्रियां ऐसी तस्वीरें नहीं चाहतीं, उनकी मर्जी का सम्मान किया जाना चाहिए।
नेहा धूपिया ने शो में उठाया मुद्दा
हाल ही में अभिनेत्री नेहा धूपिया अपने शो ‘रोडीज रीबर्थ’ के प्रमोशन के लिए बिग बॉस 20 में पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने सलमान खान को पैपराजी के गलत तरीके से तस्वीरें लेने का मुद्दा उठाने के लिए धन्यवाद दिया।
नेहा ने बताया कि सलमान की पहले दी गई चेतावनी के बावजूद कुछ फोटोग्राफर्स अब भी अभिनेत्रियों की मर्जी के बिना पीछे से तस्वीरें और वीडियो बना रहे हैं। इस पर सलमान ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी हरकतों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
सलमान बोले- जिन्हें चाहिए वो करवाएं, बाकी को परेशान न करें
सलमान खान ने बातचीत के दौरान दावा किया कि इंडस्ट्री में कुछ सितारे ऐसे भी हैं, जो खुद पैपराजी को बुलाते हैं और पैसे देकर अपनी पसंद की तस्वीरें खिंचवाते हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई अपनी मर्जी से ऐसा करवाना चाहता है तो वह उसकी पसंद है, लेकिन जो ऐसा नहीं चाहता, उसके साथ जबरदस्ती नहीं होनी चाहिए।
सलमान ने कहा कि जब कोई अभिनेत्री फोटोग्राफर्स को ऐसी तस्वीरें लेने से मना करती है, तो उन्हें तुरंत रुक जाना चाहिए। इसके बावजूद तस्वीरें लेना गलत है।
पैपराजी को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
सलमान खान ने कहा कि कई बार अभिनेत्रियों के मना करने के बाद भी फोटोग्राफर्स उनकी तस्वीरें लेते रहते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आगे भी ऐसा होता है तो वह इस मामले में सख्त कदम उठाएंगे।
सलमान इससे पहले सितंबर में भी इस मुद्दे पर नाराजगी जता चुके हैं। उस समय उन्होंने उन फोटोग्राफर्स की आलोचना की थी, जो अभिनेत्रियों की पीछे से तस्वीरें और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालते हैं और फिर लोगों से उनकी पहचान पूछते हैं।
यह भी पढ़ें: ‘हनुमान अंश’ की सफलता पर संजय दत्त ने की 21 साल की अनुप्रिया नागर की तारीफ, हर प्रोजेक्ट में साथ देने का किया वादा
इन फिल्मों में नजर आएंगे सलमान खान
काम की बात करें तो सलमान खान इन दिनों बिग बॉस 20 को होस्ट कर रहे हैं। इसके अलावा वह निर्देशक अपूर्व लाखिया की फिल्म ‘मातृभूमि’ में नजर आने वाले हैं। फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका निभा रही हैं।
वहीं, सलमान साउथ के निर्देशक वामशी पैदिपल्ली के साथ फिल्म SVC63 में भी काम कर रहे हैं। इसमें नयनतारा उनके साथ नजर आएंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का नाम ‘मॉन्स्टर’ रखा जा सकता है और इसे ईद 2027 पर रिलीज करने की तैयारी है।

