मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता पर खुशी जताते हुए इसकी प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर की जमकर तारीफ की है। महज 21 साल की उम्र में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाली अनुप्रिया के लिए संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर खास पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने अनुप्रिया के साथ अपनी एक तस्वीर भी साझा की और उनके आने वाले हर प्रोजेक्ट में साथ देने का भरोसा दिलाया।
संजय दत्त बोले- तुम्हारी कहानी तो अभी शुरू हुई है
संजय दत्त ने इंस्टाग्राम पर अनुप्रिया नागर के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि उन्होंने अपने करियर में कई फिल्मों को बनते और रिलीज होते देखा है, लेकिन कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जो इतिहास रच देती हैं। सिर्फ 21 साल की उम्र में अनुप्रिया ने ‘हनुमान अंश’ के जरिए जो हासिल किया है, वह शानदार है।

उन्होंने आगे कहा कि एक छोटी फिल्म को इतने बड़े मुकाम तक पहुंचाने के लिए मेहनत, लगन और जुनून की जरूरत होती है। अनुप्रिया ने जिस तरह सभी के आशीर्वाद और सहयोग से लोगों को एक साथ जोड़ा, वह तारीफ के काबिल है।
संजय दत्त ने अनुप्रिया को आशीर्वाद देते हुए कहा कि उन्हें उन पर गर्व है और वह उनके हर आने वाले प्रोजेक्ट में साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अनुप्रिया की सफलता की कहानी अभी शुरू हुई है।
65 दिन बाद भी बॉक्स ऑफिस पर जारी है कमाई
फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार कमाई कर रही है। सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के 65वें दिन फिल्म ने भारत में 2.45 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसमें हिंदी वर्जन से 1.20 करोड़ और तेलुगु वर्जन से 1.25 करोड़ रुपये की कमाई हुई।
फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 331.63 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 391.60 करोड़ रुपये बताया गया है। वहीं, विदेशों में फिल्म अब तक 40.25 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार कर चुकी है। इस तरह फिल्म की दुनियाभर में कुल कमाई 431.85 करोड़ रुपये पहुंच गई है।
यह भी पढ़ें: भेड़ाघाट में कल से शुरू होगा नौका विहार, नर्मदा उत्सव के लिए 300 लाइफ जैकेट तैयार
नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी है फिल्म
‘हनुमान अंश’ आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म है। यह फिल्म 7 अगस्त को हिंदी में रिलीज हुई थी। फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की बात सामने आई है।
कम उम्र में इतनी बड़ी फिल्म की जिम्मेदारी संभालने वाली अनुप्रिया नागर की उपलब्धि अब फिल्म इंडस्ट्री में भी चर्चा का विषय बनी हुई है। संजय दत्त जैसे बड़े अभिनेता का समर्थन मिलने से उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है।

