भोपाल: राजनीति में कदम रखने से पहले शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान ने खेल प्रशासन की दुनिया में अपनी शुरुआत कर दी है। उन्हें मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ का नया अध्यक्ष चुना गया है। रविवार को भोपाल में हुए संघ के चुनाव में कार्तिकेय को निर्विरोध अध्यक्ष बनाया गया। उन्हें 2026-2030 तक के कार्यकाल के लिए यह जिम्मेदारी दी गई है। चुनाव में प्रदेश भर के 33 जिला वॉलीबॉल संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
नई जिम्मेदारी पर ये कहा
अध्यक्ष पद संभालने के बाद कार्तिकेय ने साफ किया कि उनका फोकस सिर्फ शहरों तक नहीं, बल्कि गांव-गांव तक वॉलीबॉल को पहुंचाना है। इसके लिए वे जल्द ही मध्यप्रदेश वॉलीबॉल खेल नीति 2026 का प्रारूप तैयार करेंगे। हर जिले के लिए अलग रोडमैप बनाया जाएगा।
उनका कहना है कि नई प्रतिभाओं को आगे लाना, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा देना और जिला संघों को आर्थिक मदद देना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों और जिला प्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि जो भरोसा उन पर जताया गया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।
कौन-कौन बने पदाधिकारी
चुनाव अधिकारी एडवोकेट दिलीप मालवीय की देखरेख में चुनाव संपन्न हुआ। नई कार्यकारिणी में ये नाम शामिल हैं:
- वरिष्ठ उपाध्यक्ष: अनवर खान
- उपाध्यक्ष: विधायक आशीष शर्मा और राम पांडे
- महासचिव: सतीश जोशी
- कोषाध्यक्ष: विशाल शर्मा
- संयुक्त सचिव: डीआर सिंह और राजेश शुक्ला
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में आशीष सिंह, भूपेन्द्र कांत, राजेन्द्र चतुर्वेदी, मेरिट खिलाड़ी श्वेता शर्मा और रीवा के कृष्णानंद को चुना गया है।
यह भी पढ़ें: ‘जाति-पाती नहीं, इंसान सबसे बड़ा’: रथ यात्रा में मुस्लिम युवक सलमान की अकीदत भरी मुलाकात
चैंपियनशिप को हरी झंडी
बैठक में कई अहम फैसले भी लिए गए। विभिन्न आयु वर्गों में राज्य स्तरीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप कराने का फैसला हुआ है। साथ ही संघ की वैधानिक स्थिति को लेकर सदन को पूरी जानकारी दी गई।
अब नई कार्यकारिणी के सामने खेल का विस्तार, जिला संघों को मजबूत करना और उभरते खिलाड़ियों को बेहतर मंच देना बड़ी चुनौती होगी।

