भोपाल: सेम कॉलेज में गरबा आयोजन के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। घटना से जुड़े वीडियो में बजरंग दल का एक कार्यकर्ता युवक को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहा है। वहीं, संगठन ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम में फिल्मी गानों पर डांस हो रहा था और बाहरी युवकों को प्रवेश दिया गया था।
बदसलूकी और मारपीट का आरोप
बजरंग दल कार्यकर्ताओं का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ कॉलेज प्रबंधन और वहां मौजूद लोगों ने बदसलूकी और मारपीट की। मामले में बिलखिरिया थाने में शिकायत आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
विश्व हिंदू परिषद के मध्य भारत प्रांत मंत्री जितेंद्र चौहान ने कहा कि नवरात्रि के दौरान गरबा धार्मिक आस्था से जुड़ा आयोजन है और इसमें फिल्मी या अश्लील गाने नहीं बजाए जाने चाहिए।
शिकायत में समीर आलम समेत अन्य पर आरोप
बिलखिरिया थाना प्रभारी को दिए गए शिकायत आवेदन में पुष्पराज यादव ने खुद को भोपाल जिला बजरंग दल का प्रमुख बताते हुए लिखा है गरबा में मुस्लिम समुदाय के दो से अधिक युवक मौजूद थे। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि फिल्मी गाने बंद करने और इस पर आपत्ति जताने पर युवकों ने कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट और गाली-गलौज की।
शिकायतकर्ता ने कॉलेज फैकल्टी के नीरज गुप्ता पर बाउंसर बुलाकर बाहर निकलवाने की धमकी देने और संबंधित युवकों का पक्ष लेने का आरोप भी लगाया है। आवेदन में समीर आलम समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। दूसरे युवक का नाम शिकायत में दर्ज नहीं है।
ये भी पढे़ं: जबलपुर में 2 साल की मासूम से दरिंदगी दरिंदगी के बाद रेत में चेहरा दबाकर मारने की कोशिश
बजरंग दल ने दी चेतावनी
जितेंद्र चौहान ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में मनोरंजन के नाम पर होने वाले गरबा आयोजनों में धार्मिक आस्था और परंपराओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने आयोजकों से फिल्मी गानों के बजाय पारंपरिक गरबा और धार्मिक गीतों का इस्तेमाल करने तथा प्रवेश व्यवस्था पर ध्यान देने की अपील की।
साथ ही चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में बजरंग दल पुलिस-प्रशासन के माध्यम से कार्रवाई की मांग करेगा। चौहान ने कहा कि जरूरत पड़ने पर संगठन विरोध भी करेगा। दूसरी ओर, वीडियो में युवक को थप्पड़ मारते दिखाई देने की घटना भी जांच का विषय है।

