भोपाल: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस महकमे पर सख्त कार्रवाई की है। हादसे में श्रद्धालुओं की मौत के बाद झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटा दिया गया है, जबकि तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाएगी।
कार्रवाई के तहत झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा और झांसी रोड के यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी को निलंबित किया गया है। इनके अलावा निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया व पवन सेंगर पर भी कार्रवाई की गई है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
ग्वालियर हादसे के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई को सुरक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है। राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। हादसे से प्रभावित परिवार ग्वालियर के अलावा शिवपुरी और श्योपुर के भी बताए गए हैं।
ये भी पढ़ें: सड़क हादसे पर पीएम मोदी और राहुल गांधी ने जताया दुख, शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की
दो मंत्रियों को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। दोनों मंत्रियों को पीड़ित परिवारों की सहायता और जरूरी व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा गया है।
डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने, शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
हादसे के बाद सीएसपी को हटाने और आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की कार्रवाई से सरकार ने स्पष्ट संकेत दिया है कि पुलिस की जिम्मेदारी और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा।

