Monday, October 19, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsकोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़: 19 की मौत, 7 गिरफ्तार; STF...

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़: 19 की मौत, 7 गिरफ्तार; STF ने शुरू की जांच

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 17 की जान मौके पर ही चली गई। घायलों को मेडिकल कॉलेज और अस्पताल सहित विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें 24 की हालत खतरे से बाहर है, जबकि एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पुलिस ने पूजा समिति के सचिव और उपाध्यक्ष सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने घटनास्थल का दौरा कर घायलों के इलाज और पीड़ित परिवारों को सहायता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

STF और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

प्रारंभिक जांच के लिए विशेष कार्यबल (STF), फोरेंसिक टीम और दमकल विभाग को लगाया गया है। घटनास्थल को सील कर दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, ताकि भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और पूजा समिति के इंतजामों में संभावित लापरवाही का पता लगाया जा सके। प्रशासन ने सेंट्रल एवेन्यू सहित आसपास के बड़े इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू की है। यह पाबंदी तीन दिन तक जारी रहेगी।

गिरफ्तार लोगों में समिति के सचिव राज कुमार श्योरा, उपाध्यक्ष शांतनु दुबे, पंडाल के बांस के ढांचे के निर्माण के लिए जिम्मेदार बिप्लब मुखोपाध्याय, भीड़ नियंत्रण और वीआईपी पास की जांच से जुड़े कौशिक साहा और पिंटू डे तथा निजी सुरक्षा एजेंसी के प्रभारी सुमन चक्रवर्ती और राजेश पाल शामिल हैं।

मृतकों के परिवारों को 25 लाख रुपये और नौकरी

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। घायलों को पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। उनके इलाज का पूरा खर्च भी राज्य सरकार उठाएगी। अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घटना की जानकारी दे दी गई है। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी घटना पर दुख जताया है। वह रविवार को कोलकाता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर सकते हैं। हादसे के बाद राज्य सरकार ने अपने सभी पूजा संबंधी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। शाह ने भी अपने निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए।

यह भी पढ़ें:  कटनी में स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार का खुलासा, मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

हाईकोर्ट के मौजूदा जज की अगुवाई में बनेगी समिति

मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे की विस्तृत जांच के लिए कलकत्ता हाईकोर्ट के मौजूदा जज की अगुवाई में तथ्य-जांच समिति बनाई जाएगी। जांच की सिफारिशों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

18 to 24 October 2026
11 to 17 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन