मुंबई: एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। मंगलवार को सलमान खान मुंबई के एक प्राइवेट एयरपोर्ट पर भारी सुरक्षा के बीच नजर आए। उनकी सुरक्षा में हथियारबंद जवान तैनात थे।
फायरिंग के बाद बढ़ाई गई सलमान की सुरक्षा
टाइगर श्राफ पर हुई फायरिंग की घटना के बाद सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। वहीं, अक्षय कुमार के घर पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि उनके आवास पर बुलेटप्रूफ ग्लास शील्ड लगाने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
हालांकि, इस मामले को लेकर संबंधित सेलेब्स या उनकी टीम की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी
गौरतलब है कि टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग से जुड़े लोगों ने ली थी। फायरिंग के बाद लॉरेंस गैंग से होने का दावा करने वाले अनिल पंडित ने एक ऑडियो में सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी।
उसने कहा, जो भी पूरी फिल्म इंडस्ट्री में हमसे अलग होकर काम करेगा या सलमान के साथ मिलकर काम करेगा, उसको हम मार देंगे। ये पहली और आखिरी चेतावनी है। सलमान खान एक बात ध्यान से सुन लें, तुम्हारे पूरे परिवार का नाश कर देंगे। ये बात माइंड में बिठा लेना। जो तुम ये सोचते हो ना कि तुम सिक्योरिटी में हो, तुम्हें कुछ नहीं होगा, तुम्हारा वो हाल करेंगे कि पूरी दुनिया याद रखेगी।
ये भी पढ़ें: एपस्टीन के साथ हरदीप पुरी की तस्वीरें वायरल, कांग्रेस ने पूछा- जब अकेले नहीं मिले तो तस्वीरें कैसे आईं?
टाइगर से पहले सलमान खान की रेकी हुई
टाइगर पर फायरिंग करने वाले आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार की रेकी की थी, लेकिन सिक्योरिटी ज्यादा होने के कारण प्लान बदल दिया था। आरोपियों के साथ एक चौथा युवक भी था, लेकिन वह हमले से एक रात पहले सिगरेट पीने के बहाने होटल से भाग गया।
वहीं, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में मंगलवार को चार और लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। आरोप है कि इन्होंने शूटरों को हथियार सप्लाई किए थे।
आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के कुणाल (21), सुमित (19) और उत्तर प्रदेश की राधा (23), बबीता (23) के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस ने फायरिंग करने वाले बिहार के ऋतिक और हरियाणा के रेहान व फूल सिंह को सोमवार को कोटा से गिरफ्तार किया था।

