Sunday, November 8, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsरामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल गांधी का भाजपा पर तंज,...

रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल गांधी का भाजपा पर तंज, बोले- दिल से धन्यवाद

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली से पहले भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने भाजपा और उसके सहयोगियों को धन्यवाद कहा। हालांकि, उनका यह धन्यवाद राजनीतिक तंज था। राहुल गांधी का कहना है कि भाजपा और उसके साथी अनजाने में ही सही, लेकिन विपक्ष की रैली का प्रचार कर रहे हैं।

वोट चोरी के आरोपों पर राहुल गांधी का हमला

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोगों के वोट चुराए जा रहे हैं और विपक्ष इसे किसी भी हालत में चुपचाप स्वीकार नहीं करेगा।

उन्होंने लिखा कि मतदाता सूचियों से नाम काटे गए, नियम-कानून तोड़े गए और सवाल उठाने वालों पर लाठियां चलाई गईं। अब देश की जनता इसका जवाब देगी। इसी के साथ उन्होंने 1 नवंबर को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया।

राहुल गांधी ने छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों सहित सभी वर्गों से रैली में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मतदान के अधिकार की चिंता करने वाले लोगों को इस कार्यक्रम में भाग लेना चाहिए।

भाजपा को धन्यवाद देने के पीछे क्या है वजह?

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा और उसके साथी दल इस कार्यक्रम का खूब प्रचार कर रहे हैं, जिससे रैली की जानकारी ज्यादा लोगों तक पहुंच रही है।

उन्होंने भाजपा और उसके साथियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि अगले सात दिन भी इसी जोश के साथ लगे रहें। उनके इस बयान को रैली से पहले भाजपा पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है। राहुल के बयान के बाद वोटर लिस्ट और चुनावी प्रक्रिया को लेकर फिर से चर्चा तेज हो गई है।

यह भी पढ़ें: ईरान पर अमेरिकी हमले का खतरा बढ़ा, ट्रम्प बोले- बड़ी डील की उम्मीद; परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे

1 नवंबर की रैली को लेकर कांग्रेस की तैयारी तेज

दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली बड़ी रैली को लेकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन तैयारी में लगे हैं। कांग्रेस ने अपने बड़े नेताओं को जिम्मेदारी दी है कि ज्यादा से ज्यादा लोग रैली में आएं। विपक्ष लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के काम पर सवाल उठा रहा है। राहुल गांधी भी वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का मुद्दा उठाते रहे हैं।

इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस दिल्ली में बड़ा कार्यक्रम करने जा रही है। इस रैली में कई विपक्षी नेता शामिल होंगे और आगे क्या करना है, इस पर सबकी नजर रहेगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन