बालाघाट: मां दुर्गा को विदाई देने के बाद वैनगंगा घाट पर चारों तरफ फूल-माला, पूजा सामग्री और कचरे के ढेर लग गए थे। आस्था के इस सैलाब के बाद घाट की सूरत बिगड़ गई थी। घाट की इसी बिगड़ी सूरत को संवारने के लिए रविवार को नगर पालिका परिषद बालाघाट ने मोर्चा संभाला और विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर पूरे घाट परिसर को फिर से चमका दिया।
जनप्रतिनिधियों ने खुद किया श्रमदान
अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष योगेश बिसेन, स्वच्छता सभापति संगीता खगेश कावरे और मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्यप्रकाश उके सहित नगर पालिका के सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने सामूहिक श्रमदान कर घाट की सफाई की और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।
विसर्जन के बाद जमा कचरा हटाया
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान वैनगंगा घाट पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी थी, जिससे घाट परिसर में काफी मात्रा में अपशिष्ट जमा हो गया था। इसी कचरे को हटाने और घाट को व्यवस्थित करने के लिए यह अभियान चलाया गया। टीम ने घाट परिसर और आसपास के पूरे क्षेत्र की सफाई की।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
नगर पालिका ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के बाद घाट की स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ ही वैनगंगा नदी और उसके आसपास के पर्यावरण का संरक्षण करना है। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
नागरिकों से की अपील
नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान और बाद में नदी एवं घाट परिसर में कचरा न फेंकें। अपशिष्ट का उचित निस्तारण करें और वैनगंगा नदी व सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।

